पटना : बिहार में महागठबंधन की नई सरकार (Mahagathbandhan Government of Bihar) आज विधानमंडल के विशेष सत्र के दौरान विधानसभा (Bihar Assembly) में विश्वास मत हासिल करेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) एवं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Dy.CM Tejashwi Yadav) की इस गठबंधन सरकार को 164 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। जबक, विपक्ष के पास भारतीय जनता पार्टी (BJP) के केवल 76 विधायक हैं। इसके पहले विधानसभा के सत्र के दौरान स्पीकर विजय सिन्हा (Speaker Vijay Kumar Sinha) ने पद से ठसतीफा दे दिया। सत्ता पक्ष ने उनको हटाने की नोटिस दे रखी थी। महागठबंधन की सरकार में अवध बिहारी चौधरी नए स्पीकर होंगे।
आज सदन में हंगामे के आसार हैं। सत्र शुरू होने के पहले ही विधानसभा के मुख्य प्रवेश द्वार पर बीजेपी विधायकाें ने प्रदर्शन किया। उन्होंने ‘नीतीश कुमार हाय-हाय’ व ‘नीतीश कुमार होश में आओ’ के नारे लगाए।
Bihar Assembly Session LIVE Update:
LIVE Bihar Assembly Session: बिहार विधानसभा के स्पीकर विजय सिन्हा ने दिया इस्तीफा, सदन के बाहर लगे नीतीश हाय-हाय के नारे

- LIVE Bihar Assembly Session: बिहार विधानमंडल के विशेष सत्र में आज हंगामे के आसार हैं। आज विधानसभा में नीतीश कुमार की सरकार विश्वास मत हासिल करेगी। इसके पहले स्पीकर विजय कुमार सिन्हा के इस्तीफा दे दिया।
-
11:31 AM, 24 Aug 2022
स्पीकर विजय सिन्हा ने दिया इस्तीफा
अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के पूर्व स्पीकर ने सदन की कार्रवाई को अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने इसपर आपत्ति जताई। कहा कि यह संसदीय मान्यता के अनुरूप नहीं है। स्पीकर ने इस्तीफा देते हुए नरेंद्र नारायण यादव को सदन की अध्यक्षता करने का दायित्व सौंप दिया। जबकि, स्पीकर की अनुपस्थिति में डिप्टी स्पीकर सदन का संचालन करते रहे हैं। ऐसे में एक संवैधानिक संकट खड़ा हो गया है।
-
11:20 AM, 24 Aug 2022
स्पीकर बोले: मैंने अपने दायित्वों का निष्पक्ष तरीके से निभाया
स्पीकर बोले: मैंने अपने दायित्वों का निष्पक्ष तरीके से निभाया। न्याय के साथ विकास, न बचाते है न फंसाते के सरकार के निर्णय को भी लागू करने का प्रयास किया। इसमें कुछ लोगों को परेशानी भी हुई। कई अच्छी छवि के सदस्य भी हैं, जिनकी छवि बचाने की जिम्मेवारी हम सबकी है। हम सबकी जिम्मेदारी है ठहरी हुई विरासत को बढ़ाने का, लेकिन जो आरोपित और कंलकित हैं, वे स्वच्छ को भी कलंकित करने की कोशिश करते हैं। कथनी और करनी में जबतक अंतर रहेगा, तबतक जनता के हम कृपा पात्र नहीं बन सकते।
[11:18 am, 24/08/2022] Arvind Sharma (Jagran Bureau, Patna): सदन की मर्यादा और गरिमा को अक्षुण्ण रखने में जिन्होंने अपनी भूमिका निभाई हम उन्हें नमन करते हैं और प्रेरणा प्राप्त करते हैं। हमें याद रखना होगा कि यह सदन हमसे जरूर है, लेकिन यह सबसे सर्वोपरी जैसा है। -
11:14 AM, 24 Aug 2022
स्पीकर बोले: हमेशा विधायिका की गरिमा का रखा ध्यान
मुख्यमंत्री बोले- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सदन चलाने में जा सहयोग दिया, कहने की बात नहीं है। मैंनें हमेशा विधायिका की गरिमा का ध्यान रखा।
-
11:08 AM, 24 Aug 2022
सदन में बाेले स्पीकर- नियमानुकूल नहीं है अविश्वास प्रस्ताव
सदन में बाेले स्पीकर- नैतिकता पर चर्चा नहीं करेंगे। लोकतंत्र की खूबसूरती या बदसूरती, यह जनता पर छोड़ा हूं। मैं पद त्याग कर देता, लेकिन इसी बीच पता चला कि मेरे खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की नोटिस दी गई। ऐसे में अगर मैं इस्तीफा दे देता तो मैं आरोपों का जवाब नहीं दे पाता। अविश्वास प्रस्ताव अस्पष्ट है। नियमानुकूल नही है।
-
11:03 AM, 24 Aug 2022
सदन में बोले स्पीकर- मुझे पद से हटाने का प्रस्तुत किया गया है संकल्प
बिहार विधानमंडल का विशेष सत्र आरंभ। विधानसभा में अभी स्पीकर विजय कुमार सिन्हा सदन को संबोधित कर रहे हैं। कहा कि उन्हें पद से हटाए जाने का संकल्प प्रस्तुत किया है।
-
10:58 AM, 24 Aug 2022
राबड़ी बोलीं- छापेमारी से हम डरने वाले नहीं
केंद्रीय जांच एजेंसियों की छापेमारी पर राबड़ी देवी ने कहा- जनता सब देख रही है। हम डरने वाले नहीं हैं। आज विधानसभा में फ्लोर टेस्ट के दिन छापेमारी पर उठाए सवाल।
-
10:56 AM, 24 Aug 2022
विधान परिषद सभापति के लिए जेडीयू के देवेश चंद्र ठाकुर का नामांकन
बिहार विधान परिषद के सभापति पद के लिए जेडीयू के देवेश चंद्र ठाकुर ने नामांकन किया।
-
10:56 AM, 24 Aug 2022
स्पीकर को मनाने में जुटे महागठबंधन नेता
स्पीकर विजय कुमार सिन्हा खफा हैं। उनकी नाराजगी देर रात विधानसभा की कार्यसूची में फेरबदल को लेकर है। अभी विधानसभा में कार्य मंत्रणा समिति की बैठक चल रही है। स्पीकर को मनाने की कोशिश की जा रही है। विजय चौधरी समेत अन्य नेताओ ने स्पीकर विजय सिन्हा को मनाने की कोशिश की, जिसपर उन्होंने कहा कि जो नियमानुसार होगा वही किया जाएगा।
-
10:38 AM, 24 Aug 2022
तेजस्वी ने जारी की आरजेडी विधायकों के लिए व्हिप
आरजेडी विधायक दल के नेता तेजस्वी यादव ने पार्टी विधायकों के लिए व्हिप जारी कर उन्हें सदन की बैठक में आरंभ से लेकर अंत तक मौजूद रहने का निर्देश दिया है। विधायकों को सदन के अंदर बिहार विधानसभा अध्यक्ष को पद से हटाए जाने से संबंधित संकल्प, महागठबंधन सरकार के विश्वास मत प्रस्ताव तथा अन्य विधायी कार्यों के दौरान मत विभाजन की स्थिति में सरकार के पक्ष में मतदान करने को कहा है।
-
10:30 AM, 24 Aug 2022
विधानसभा परिसर में बीजेपी विधायकों का प्रदर्शन
बिहार विधानसभा में महागठबंधन की नीतीश सरकार के शक्ति परीक्षण के पहले वहां पहुंचे बीजेपी विधायक प्रदर्शन कर रहे हैं। बीजेपी विधायक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। माहौल देखकर माना जा रहा है कि सदन के अंदर भी जमकर हंगामा होगा।
-
10:16 AM, 24 Aug 2022
आरजेडी एमएलसी के घर के बाहर सीबीआइ के विरोध में हंगामा
आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह के आवास के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ पहुंच चुकी है। वे लोग हंगामा कर रहे हैं। वहां सीबीआई वापस जाओ के नारे लगा रहे हैं। सीबीआई अधिकारी अंदर घर में हैं।
-
10:02 AM, 24 Aug 2022
कांग्रेस ने कहा-सत्ता बदलेगी तब चलेगा पता
कांग्रेस प्रवक्ता असितनाथ तिवारी ने ट्वीट किया है कि कुछ तत्कालिक लाभ के लोभ में एक राजनैतिक पार्टी के लिए सीबीआइ की टीम काम कर रही है।
-
09:50 AM, 24 Aug 2022
लालू की बेटी ने कहा- फ्लोर टेस्ट से पहले नीचता
राजद के चार बड़े नेताओं के ठिकानों पर चल रही सीबीआइ की छापेमारी पर लालू प्रसाद की पुत्री रोहिणी आचार्य ने ट्वीट कर हमला बोला है। उन्होंने भाजपा पर फ्लोर टेस्ट से पहले नीचता का आरोप लगाया है।
-
09:32 AM, 24 Aug 2022
दबाव बनाने के लिए केंद्र सरकार करा रही छापेमारी- जेडीयू
जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार दबाव बनाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों से छापेमारी करा रही है। विधानसभा में शक्ति परीक्षण के दिन केंद्र की यह कार्रवाई जनता देख रही है।
-
09:07 AM, 24 Aug 2022
मोतिहारी के निर्दलीय एमएलसी ने छापेमारी का किया विरोध
केंद्रीय जांच एजेंसी की छापेमारी के खिलाफ मोतिहारी से निर्दलीय एमएलसी महेश्वर सिंह ने बयान दिया है। उन्होंने छापेमारी स्थल पर पहुंच कर कार्यवाही का विरोध किया और साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया।
-
09:06 AM, 24 Aug 2022
आरजेडी सांसद फ़ैयाज़ अहमद के मधुबनी व पटना आवास पर इडी की छापेमारी
विधामंडल के विशेष सत्र के ठीक पहले आरजेडी सांसद डा. फ़ैयाज़ अहमद के मधुबनी और पटना स्थित आवास पर इडी की छापेमारी चल रही है। फ़ैयाज़ अहमद के मधुबनी में स्टेडियम रोड स्थित आवास पर इडी की टीम छापेमारी कर रही है। उनके पटना में डाकबंगला चौराहा के निकट स्थित आवास पर भी इडी की टीम के छापेमारी करने की सूचना है।
-
08:50 AM, 24 Aug 2022
सरकार के शक्ति परीक्षण के पहले आरजेडी एमएलसी के ठिकानों पर आयकर छापा
आरजेडी एमएलसी के ठिकानों पर केंद्रीय जांच एजेंसी की छापेमारी चल रही है। आज सुबह हुई इस कार्रवाई के बाद आरजेडी खेमे में हड़कंप मच गया है । हालांकि, कल रात ही उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव व आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने छापेमारी की आशंका जताई थी। आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह के ठिकाने पर छापेमारी की जा रही है।
-
08:44 AM, 24 Aug 2022
नए स्पीकर के लिए विजय चौधरी के नाम की घोषणा
नए स्पीकर के लिए अवध बिहारी चौधरी के नाम की घोषणा हो गई है। चौधरी महागठबंधन की सरकार में नए स्पीकर होंगे। वे विजय कुमार सिन्हा का स्थान लेंगे।
-
08:41 AM, 24 Aug 2022
विधानमंडल परिसर की सुरक्षा कड़ी, हंगामे के आसार
विशेष सत्र को लेकर बिहार विधानमंडल की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। विधानमंडल परिसर में विपक्ष के हंगामा के आसार हैं।
-
08:26 AM, 24 Aug 2022
महागठबंधन सरकार का विश्वास मत बीजेपी की बड़ी शिकस्त
बिहार विधानसभा में महागठबंधन सरकार का विश्वास मत हासिल करना बीजेपी के लिए बड़ी शिकस्त होगी। स्पीकर विजय कुमार सिन्हा, जिनको हटाने के लिए नई सरकार अड़ी हुई है, भी बीजेपी काेटे के ही विधायक हैं।
-
07:52 AM, 24 Aug 2022
सीएम नीतीश की नई सरकार का असल इम्तहान आज
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महागठबंधन सरकार आज विधानसभा में अपना बहुमत साबित करने का असल इम्तहान पास करेगी। बुधवार को बिहार विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान सरकार का फ्लोर टेस्ट होगा।
-
07:29 AM, 24 Aug 2022
अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग के लिए राजी हुए स्पीकर विजय सिन्हा
बिहार विधानसभा के विशेष सत्र में खुद के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वर्वा व वोटिंग के लिए स्पीकर विजय सिन्हा राजी हो गए हैं। विशेष सत्र से एक दिन पहले उन्होंने पद से इस्तीफा नहीं देने की बात कहते हुए अविश्वास प्रस्ताव को नियम विरुद्ध करार दिया था।
-
07:20 AM, 24 Aug 2022
स्पीकर को पद से ऐसे हटा सकती है नीतीश सरकार
बिहार विधानसभा की प्रक्रिया और कार्य संचालन नियमावली के नियम 110 में स्पीकर को पद से हटाने का संकल्प देने का प्रावधान है। यह संविधान के अनुच्छेद 179 से निकला है। इस प्रस्ताव की स्वीकृति/ अस्वीकृति का फैसला सदन के सदस्य ही कर सकते हैं। स्पीकर के निर्वाचन में सदन के सदस्यों और सदन की भूमिका होती है, उन्हें हटाने की शक्ति भी इन्हीं में निहित है।
-
07:10 AM, 24 Aug 2022
विधानसभा में संवैधानिक संकट व हंगामे के आसार
बिहार विधानसभा के स्पीकर विजय कुमार सिन्हा अगर अपने खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं देते हैं तो संवैधानिक संकट खड़ा हो जाएगा। स्पीकर पहले ही अविश्वास प्रस्ताव को अवैधानिक बता चुके हैं। ऐसे में आज विधानसभा में जबरदस्त हंगामा हो सकता है।
-
06:56 AM, 24 Aug 2022
बिहार विधानसभा के सत्र में आज क्या-क्या, जानिए
विधानसभा की कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होगी, जिसमें सबसे पहले स्पीकर विजय सिन्हा का संबोधन होगा। फिर, उन्हें हटाने का संकल्प लाया जाएगा। अगर वे स्वीकृति देते हैं तो उन्हें विमर्श के लिए आसन छोड़ना पड़ेगा। स्पीकर के त्यागपत्र नहीं देने या अविश्वास प्रस्ताव को अस्वीकर करने पर सांवैधानिक संकट से इनकार नहीं किया जा सकता है। उनके त्यागपत्र देने की स्थिति में डिप्टी स्पीकर महेश्वर हजारी विधानसभा संचालन की जिम्मेवारी निभाएंगे। उनकी अध्यक्षता में सरकार विश्वास मत हासिल करेगी।
-
06:42 AM, 24 Aug 2022
सबसे पहले स्पीकर विजय सिन्हा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर बहस
संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि बिहार विधानसभा की आज की कार्यवाही सदन के नेता की हैसियत से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राय पर तय कार्यसूची के आधार पर चलेगी। कार्यसूची का पहला विषय स्पीकर विजय कुमार सिन्हा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर बहस है। इसके समापन के बाद ही कोई दूसरा काम होगा। मंत्री विजय चौधरी ने स्पीकर के त्यागपत्र नहीं देने से उत्पन्न संवैधानिक संकट के लिए बीजेपी काे जिम्मेदार करार दिया है।
-
06:35 AM, 24 Aug 2022
विधान परिषद में सभापति के लिए नामांकन करेंगे देवेश ठाकुर
विधान परिषद में देवेश चंद्र ठाकुर सभापति पद के लिए नामांकन करेंगे। सरकार ने ठाकुर को महागठबंधन की ओर से सभापति का उम्मीदवार बनाया है।
-
06:34 AM, 24 Aug 2022
हटाए जा सकते हैं स्पीकर विजय कुमार सिन्हा
बिहार विधानसभा में बुधवार का दिन अति महत्वपूर्ण साबित होने जा रहा है। सत्ता पक्ष ने स्पीकर विजय कुमार सिन्हा को हटाने की नोटिस दे रखी है। स्पीकर के समर्थन में पर्याप्त संख्या में विधायक नहीं है। ऐसे में उनका हटना तय है। सदन में प्रारंभिक संबोधन के बाद अगर उन्होंने त्यागपत्र नहीं दिया तो उन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू होगी।
-
06:33 AM, 24 Aug 2022
नीतीश कुमार की नई सरकार प्राप्त करेगी विश्वास मत
बिहार विधानमंडल के दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन आज बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नई सरकार विश्वास मत प्राप्त करेगी। महागठबंधन की इस सरकार को विश्वास मत प्राप्त हो जाएगा, क्योंकि इसके पास 164 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। जबकि, विपक्ष के पास बीजेपी के 76 विधायक हैं।