Live: किसानों और सुरक्षा बलों के बीच तनातनी, बैरिकेड्स तोड़ करनाल में सीएम और यमुनानगर में शिक्षामंत्री के आवास पहुंचे आंदोलनकारी

Live: किसानों और सुरक्षा बलों के बीच तनातनी, बैरिकेड्स तोड़ करनाल में सीएम और यमुनानगर में शिक्षामंत्री के आवास पहुंचे आंदोलनकारी
  • हरियाणा में धान की खरीद शुरू नहीं होने से सरकार के खिलाफ किसानों में रोष है। करनाल में किसान सीएम आवास के पास धरने पर बैठे। पानीपत करनाल यमुनानगर सहित कई जिलों में किसारों ने घेराव शुरू कर दिया है।

पानीपत : हरियाणा में धान की खरीद में देरी से किसानों में आक्रोश है। किसानों ने शनिवार सुबह ही भाजपा-जजपा के विधायक और सांसदों के आवास का घेराव शुरू कर दिया। हरियाणा के पानीपत, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, जींद सहित कई जिलों में धान से भरीं ट्रैक्‍टर ट्रालियां लेकर किसान घेराव कर रहे हैं। यमुनानगर में पूर्व राज्‍यमंत्री कर्णदेव कांबोज को रास्‍ते में रोक लिया गया। इसके बाद उनका विरोध शुरू कर दिया।

करनाल में सीएम आवास के बाहर आंदोलनकारियों के साथ आढ़ती भी समर्थन देने के लिए पहुंचे। सीएम आवास के बाहर तनाव पूर्ण माहौल बना हुआ है। पांच डीएसपी सहित पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी तैनात हैं। किसान तिरंगे के साथ-साथ हाथों में काले झंडे लेकर भी पहुंचे हैं। करनाल के रामनगर क्षेत्र मैं सीएम मनोहर लाल के आवास पर पहुंचे बड़ी संख्या में किसानों को पुलिस बल ने रोका। किसान बेरिकेड्स तोड़कर दरी बिछा धरने पर बैठ गए।

jagran

करनाल में सीएम आवास पर कूच

करनाल में मंडी से एकत्र होने के बाद आंदोलनकारी प्रेमनगर स्थित मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय एवं आवास की तरफ कूच करेंगे। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से पुख्ता तैयारियों का दावा किया गया है। वहीं खुफिया तंत्र भी अलर्ट मोड पर है। जिले की अन्य मंडियों में भी हालात संवेदनशील हैं।

jagran

यमुनानगर में तनाव की स्थिति

यमुनानगर में शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर के आवास पर धान की ट्रालियां लेकर किसान पहुंच रहे हैं। पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर किसानों को रोका। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। तनाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं, पूर्व राज्‍यमंत्री कर्णदेव कांबोज को किसानों ने रास्‍ते में रोक लिया। उनके सामने ही नारेबाजी शुरू की दी। इस दौरान किसानों से बहस भी हुई।

jagran

जींद में जजपा विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा के आवास का घेराव

जींद के नरवाना में धान की खरीद शुरू न होने पर किसान मोर्चा के आह्वान पर जजपा विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा के कार्यालय का घेराव किया। वहीं, कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आइटीबीपी की एक बटालियन भी मौके पर मौजूद है।

jagran

अंबाला में विधायक असीम गोयल की कोठी के घेराव की तैयारी

किसानों की विधायक असीम गोयल की कोठी का घेराव करने की तैयारी है। जिसके लिए किसान अनाज मंडी से रवाना हो चुके हैं। फिलहाल पुलिस ने घेराव से बचाव के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। ताकि किसानों को रोका जा सके। इसके लिए अंबाला शहर के पालिक्टेनिक चौक से लेकर इंको चौक तक रास्ता बंद कर दिया गया है। इन दोनों जगहों पर बेरिकेट्स लगा दिए गए हैं।

jagran

इस वजह से किसान नाराज

धान की खरीद हर साल 1 अक्टूबर से शुरू हो जाती है। परंतु इस बार धान की सरकारी खरीद की तारीख बढ़ा दी गई है। किसानों की धान की फसल पूरी तरह पक कर तैयार हो चुकी है। इसके बाद किसान धान की फसल की कटाई के बाद अनाज मंडी में भी ले आए हैं। सरकारी खरीद शुरू न होने के कारण किसानों को अनाज मंडी में पिछले कई दिनों से रातें गुजारनी पड़ रही हैं। किसानों की माने तो धान की कटाई 15 सितंबर से शुरू हो गई थी। पहले ही धान की सरकारी खरीद देरी से शुरू होती है और इस बार इसे ओर आगे बढ़ा दिया गया है। इसी के चलते किसानों ने पहले से ही चेतावनी दे दी थी कि यदि खरीद 2 अक्टूबर से शुरू नहीं की गई तो विधायकों के आवास का घेराव किया जाएगा।

  • कुरुक्षेत्र में मंत्री व विधायकों के निवास पर धान की ट्रालियां लेकर पहुंचेंगे
  • कैथल में अनिश्चितकालीन धरना शुरू होगा
  • अंबाला में पुलिस ने पालिटेक्निक चौक से लेकर इंको चौक तक रास्ता बंद किया। किसान अनाज मंडी में इकट्ठा हो गए हैं।
  • पानीपत में मजदूरों ने भी हड़ताल शुरू कर दी है, धान लेकर पहुंचने लगे किसान