इटावा लायन सफारी में शेरनी नीरजा ने शावकों को दिया जन्म, अखिलेश यादव बोले- ‘शेरों के सोहर गाओ’

इटावा लायन सफारी में शेरनी नीरजा ने शावकों को दिया जन्म, अखिलेश यादव बोले- ‘शेरों के सोहर गाओ’

उत्तर प्रदेश के इटावा लायन सफारी पार्क एवं एशियाटिक बब्बर शेर प्रजनन केंद्र में शेरनी नीरजा ने चार शावकों को जन्म दिया है. इटावा लायन सफारी में शावकों के जन्म पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है. अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, “शेरों के सोहर गाओ.”

अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, “जिस बड़ी सोच के साथ हमने एशियाई शेरों के लिए ‘इटावा लायन सफारी’ की शुरुआत की थी, वो सोच फलीभूत हो रही है और यहाँ एशियाई शेरों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है. इटावा लायन सफारी पार्क में नीरजा शेरनी ने अपने तीसरे प्रसव में इस बार 4 शावकों को जन्म दिया है. पहली बार के 2 और दूसरी बार के 3 शावक मिलाकर अब यहां इसके कुल 9 स्वस्थ शावक सफलता पूर्वक पल रहे हैं.

अखिलेश यादव ने लायन सफारी के लोगों को दी शुभकामनाएं

सपा चीफ अखिलेश यादव ने लायन सफारी से जुड़े लोगों की सराहना की है, साथ ही उन्हें बधाई दी है. अखिलेश यादव ने कहा कि लायन सफारी से जुड़े, प्रशंसा के पात्र सभी प्रतिबद्ध और कर्तव्यनिष्ठ लोगों को हार्दिक बधाई और अच्छा काम करते रहने के लिए शुभकामनाएं. पर्यावरण के चक्र में हर प्राणी का अपना महत्त्व है, इसीलिए हम प्रकृति को बचाने के लिए बड़ी सोच के साथ सकारात्मक पहल करने में विश्वास करते रहे हैं और करते रहेंगे.

शेरनी नीरज ने दिया शावकों को जन्म

आपको बता दें कि, उत्तर प्रदेश के इटावा स्थिति लायन सफारी पार्क एवं एशियाटिक बब्बर शेर प्रजनन केंद्र में शेरनी नीरजा ने चार शावकों को जन्म दिया है. लायन सफारी पार्क के निदेशक अनिल कुमार पटेल के मुताबिक, एशियाटिक बब्बर शेर प्रजनन केंद्र में शेरनी नीरजा ने रविवार की रात चार शावकों को जन्म दिया. नन्हें शावकों के जन्म पर लायन सफारी में खुशी का माहौल है.


Leave a Reply