कड़ाके की ठंड के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त

- सहारनपुर में भीषण ठंड के दौरान अलाव तापते राहगीर।
सहारनपुर [24CN]। एक सप्ताह पूर्व हुई बारिश के बाद जनपद में कड़ाके की ठंड पड़ रही है जिस कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। उधर कोहरा छाए रहने के कारण पूरा दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं होने से ठंड का प्रभाव और अधिक बढ़ गया है। उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पूर्व तीन दिन तक हुई बारिश के बाद जनपद में भीषण ठंड ने अपने पांव पसार लिए थे। इसी दौरान विगत दो दिन से सूर्य नहीं निकलने तथा सर्द हवाएं चलने के कारण ठंड अपने चरम पर पहुंच गई है। आज रविवार का अवकाश होने तथा स्कूलों में छुट्टी पडऩे के कारण महानगर में सड़कों व बाजारों में आवागमन बहुत कम रहा। अधिकतर लोग ठंड के चलते अपने घरों में ही दुबके रहे। आवश्यक कार्य के कारण ही नागरिक घर से बाहर निकले। बाजारों में केवल गरम कपड़ों व जूतों की दुकानों पर ही ग्राहक दिखाई दिए।
रोडवेज बसों व ट्रेनों में भी सवारियां बिल्कुल नगण्य रही। अधिकतर ट्रेनें कोहरे के चलते विलम्ब से पहुंची। नगर निगम व जिला प्रशासन द्वारा अलाव की व्यवस्था की गई है जिसके चलते महानगर के अधिकतर चौराहों व मुख्य मार्गों पर लोग अलाव तापते नजर आए। कड़ाके की ठंड का असर ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिला।
अधिकतर ग्रामीण अपने घरों में दुबके रहे। मजबूरी में खेतों में पशुओं का चारा आदि लेने के लिए गए। अधिक ठंड के कारण आलू की फसल को काफी नुकसान हुआ है। किसानों का कहना है कि अधिक ठंड होने तथा धूप न निकलने के कारण आम की फसल भी प्रभावित हो सकती है। आज महानगर के विभिन्न स्थानों खासकर गरीब व मलिन बस्तियों में लोग अलाव तापते नजर आए।