कार्यशाला में दी व्यापारियों को लाइसेंस सम्बंधी जानकारी

- सहारनपुर में पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में मंचासीन पदाधिकारी।
सहारनपुर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के तत्वावधान में आयोजित विधिक माप विज्ञान विभाग की कार्यशाला में व्यापारियों को लाइसेंस नवीनीकरण, नए लाइसेंस बनवाने तथा सत्यापन के सम्बंध में जानकारी प्रदान की गई। जिला अस्पताल के निकट एक सभागार में आयोजित कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए विधिक माप विज्ञान मेरठ जोन के उपनियंत्रक आनंद स्वरूप ने बताया कि विभाग की 13 सेवाओं को ऑनलाईन कर दिया गया है जिसमें लाइसेंस नवीनीकरण, नया लाइसेंस बनवाना तथा सत्यापन मुख्य है।
कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए पश्चिमी उततर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रोहित घई, जिला महामंत्री संजीव गक्खड़ व सुनील शर्मा ने व्यापारियों की समस्याओं से विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने मांग की कि विभाग में सत्यापान कराने के लिए व्यापारियों को कांटा ले जाने के लिए बाध्य न किया जाए बल्कि उनके प्रतिष्ठान पर आकर सत्यापन किया जाए।
उन्होंने कांटे पर लगने वाली मोहर का शुल्क भी निर्धारित करने की मांग की क्योंकि मोहर लगाने वाले एजेंट अलग-अलग शुल्क लेते हैं। कार्यशाला में सहायक नियंत्रक स्वाति कौशिक, वरिष्ठ निरीक्षक राजेंद्र चौरसिया, निरीक्षक विकास प्रताप सिंह, नीरज अरोरा, सुनील ठाकुर, मिखाइल मल्होत्रा, अक्षु छाबड़ा, सचिन धवन, अंकित अरोड़ा, सुनील नागपाल, आशु बजाज, राजकुमार बतरा, प्रवेश काम्बोज, हन्नी कालड़ा, अर्पित मल्होत्रा, मिंटी खेड़ा, हरिओम कालरा, रमन कपूर, सिराज हसन, वसीम अहमद, विजय कुमार, सलीम अहमद, दानिश खान आदि मौजूद रहे।