30 जनवरी से 13 फरवरी 2022 तक चलाया जाएगा कुष्ठ जागरूकता अभियान: जिलाधिकारी
- सहारनपुर में स्पर्श कुष्ठ जागरूकता कार्यक्रम में शपथ दिलाते जिलाधिकारी अखिलेश सिंह।
सहारनपुर [24CN]। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि 30 जनवरी से 13 फरवरी तक कुष्ठ जागरूकता अभियान तथा पखवाड़ा चलाया जाएगा। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान की शपथ दिलाई और महात्मा गांधी सहित अन्य शहीदों को श्रद्धाजंलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि यह श्रद्धांजलि देश के लिए जान न्योछावर करने वाले उन वीर सपूतों के लिए भी हैं, जिन्होंने देश की आजादी के संघर्ष में अपनी जान दे दी थी। जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी जी कुष्ठ रोगियों के प्रति विशेष प्रेम रखते थे और उनके कल्याण के प्रति हमेशा चितिंत रहते थे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए जनपद में कुष्ठ रोगियों को चिन्हित करने के लिए अभियान चलाया है। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोगियों के प्रति कोई भेद भाव न हो और उनके प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने की शपथ ली गई है। हम सभी सहारनपुर जनपद के लोग और जिला प्रशासन इस आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर यह घोषणा करते हैं कि हम अपने जनपद को कुष्ठ रोग से मुक्त बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। कुष्ठ रोग को पहचानना बहुत आसान है और साध्य है। हम सभी कुष्ठ रोगियों को जितनी जल्दी हो सके खोजने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। हम इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जिले में उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग करेंगे। इसके साथ हम कुष्ठ प्रभावित व्यक्ति से कोई भेदभाव नहीं करेंगे और ना ही किसी दूसरे व्यक्ति को कुष्ठ रोग प्रभावित व्यक्ति के साथ किसी प्रकार का भेदभाव करने देंगे। हम व्यक्तिगत एवं सामूहिक रूप से कुष्ठ रोग से प्रभावित व्यक्तियों से जुड़े कलंक और भेदभाव को समाप्त करने और उनको समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए अपना पूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य विभाग तथा कुष्ठ निवारण में लगे कर्मियों को निर्देश दिए गए है कि इस सम्बन्ध में प्रभावी कार्यवाही करें।
इस अवसर पर समस्त कलेक्ट्रेट कर्मी उपस्थित रहे।
