लेखपाल अपने क्षेत्रों में अवैध कब्जेधारियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करें: हिमांशु नागपाल

- सहारनपुर में ग्राम ढिक्का कला में यमुना नदी की भूमि को कब्जामुक्त कराते एसडीएम।
सहारनपुर [24CN] । ज्वाईंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी नकुड हिमांशु नागपाल ने ग्राम ढिक्का कला एवं ढिक्का टपरी में भूमाफियाओं द्वारा यमुना नदी पर किये गये अवैध कब्जे तथा ग्राम गंगोह मजबता बाहर हदूद द्वितीय में स्थित भूमि खसरा संख्या 1469 रकबा 0.902 हेक्टेयर जो अभिलेखों में तालाब की भूमि पर किये गये अवैध कब्जों को मुक्त कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि स्थलीय निरीक्षण कर यमुना नदी की भूमि को खाली कराते हुए अपने कब्जे में ले लिया गया है। इस भूमि पर तट के बराबर में वृक्षारोपण कराया जायेगा ताकि तटबन्धिय ग्राम बाढ की स्थिति से बचा रहे एवं भू-माफियाओं द्वारा इस पर पुन: कब्जा न किया जा सके।
हिमांशु नागपाल ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम गंगोह मजबता बाहर हदूद द्वितीय में स्थित भूमि खसरा संख्या 1469 रकबा 0.902 हेक्टेयर जो अभिलेखों में तालाब की भूमि है। भूमि पर हबीबूर्रहमान पुत्र मौहम्मद ईशा, इकराम पुत्र लियाकत, ईशा पुत्र रफीक निवासीगण गंगोह एवं शाहीद निवासी खानपुर अफगान द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया हुआ था जिसे चिन्हित करते हुए प्रश्नगत भूमि से क्षेत्रीय लेखपाल सुरेन्द्र कुमार एवं कुमार परासर की मौजूदगी में अवैध कब्जा हटवाते हुए तालाब की भूमि को कब्जा मुक्त करा दिया गया है।
ज्वाईंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि ग्राम ढिक्का कला एवं ढिक्का टपरी में कई भू-माफियाओं द्वारा यमुना नदी की भूमि पर पिछले काफी समय से कब्जा कर रखा था, जिसकी वजह से यमुना नदी की स्थिति में भारी परिवर्तन आया है। उन्होंने बताया कि लगभग एक माह तक राजस्व एवं चकबन्दी विभाग द्वारा भूमि का पूरा सर्वे किया गया तो पाया गया कि 243 हेक्टेयर भूमि यमुना नदी के नाम स्थित है, जिसके मुख्य भाग में आज की तिथि में कुछ भू-माफियाओं द्वारा कब्जा कर उस पर फसलें बोई जा रही थी। उन्होंने बताया कि इस भूमि पर तट के बराबर में वृक्षारोपण कराया जायेगा ताकि तटबन्धिय ग्राम बाढ की स्थिति से बचा रहे एवं भू-माफियाओं द्वारा इस पर पुन: कब्जा न किया जा सके। हिमांशु नागपाल ने सभी लेखपालों को निर्देश दिए है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध कठोर कार्यवाही करते हुए भूमि को मुक्त कराया जाए।