सैफ अली खान पर हमले से भड़के नेता, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
अभिनेता सैफ अली खान पर उनके घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया है। इस हमले में सैफ अली खान को कई घाव लगे हैं। इस घटना के बाद अभिनेता सैफ को तुरंत इलाज के लिए मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी है। वहीं, अब इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों से भी बयान सामने आने लगे हैं। महाराष्ट्र में विपक्षी दलों के नेताओं ने सरकार और कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े किए हैं। आइए जानते हैं किसने क्या कहा है…
कैसे हुआ हमला?
जानकारी के मुताबिक, अभिनेता सैफ अली खान के बेटे जहांगीर के कमरे में 2 बजे एक शख़्स घुस आया। उनकी हाउसकीपर अरियामा फिलिप्स उर्फ लीमा को एक अज्ञात व्यक्ति ने पकड़ लिया, वह चीखने लगी। जब अभिनेता सैफ अली खान आगे आए, तो उस व्यक्ति ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वह घायल हो गए और उनकी हाउसकीपर घायल हो गई। सैफ अली खान की कर्मचारी महिला भी घायल हैं। लीलावती अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
कितनी शर्म की बात है- प्रियंका चतुर्वेदी
शिवसेना यूबीटी की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा- “यह कितनी शर्म की बात है कि मुंबई में हाई प्रोफाइल को जान से मारने की एक और कोशिश देखी गई। सैफ अली खान पर हमला एक बार फिर मुंबई पुलिस और गृह मंत्री पर सवाल उठाता है। बाबा सिद्दीकी जी की चौंकाने वाली हत्या के बाद उनका परिवार अभी भी न्याय का इंतजार कर रहा है। सलमान खान बुलेट प्रूफ घर में रहने को मजबूर हैं। अब सैफ पर भी हमला हुआ है।” प्रियंका ने कहा कि ये सभी घटनाएं बांद्रा में हुई हैं जहां मशहूर हस्तियों की संख्या सबसे अधिक है, जहां पर्याप्त सुरक्षा होनी चाहिए। प्रियंका ने सवाल उठाया कि अगर मशहूर हस्तियां सुरक्षित नहीं हैं तो मुंबई में कौन सुरक्षित है?