‘लॉ एंड ऑर्डर का ही एनकाउंटर’, अखिलेश यादव ने गोरखपुर हत्याकांड को लेकर योगी सरकार पर किया हमला
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बीजेपी नेता और पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की हत्या को लेकर सियासत कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस हत्याकांड को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा और राज्य की क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि इस सरकार में लॉ एंड ऑर्डर का ही एनकाउंटर हो गया है.
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर हत्याकांड को लेकर यूपी की क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि “गोरखपुर में हत्या हुई और उन्हीं की पार्टी के राज्यसभा सांसद (राधा मोहन अग्रवाल) ने कहा कि अगर दोषी नहीं पकड़ा जाएगा तो सरकार को नंगा कर देंगे. ये भारतीय जनता पार्टी के वो नेता है जिन्होंने अपनी सीट खाली की तब मुख्यमँत्री जी चुने गए हैं. वो कह रहे हैं कि अगर दोषी नहीं पकड़े गए तो सरकार को नंगा कर देंगे.”
यूपी की क़ानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के क्षेत्र में एक छात्र नेता की दौड़ा-दौड़ा कर हत्या कर दी गई, उसके लिए जिम्मेदार कौन है? बदायूं में एक मां और परिवार, जिनकी जान गई वो लगातार सरकार से कहते रहे कि उनकी जान को खतरा है, हमें मार दिया जाएगा और उसके बाद भी दोनों भाईयों की जान चली गई. इसके लिए कौन जिम्मेदार है?
मुख्यमंत्री समझ तो लो कि ये क्या हो रहा है? लॉ एंड ऑर्डर का ही एनकाउंटर हो गया है इस सरकार में. अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने लॉ एंड ऑर्डर का ही एनकाउंटर कर दिया.
बीजेपी नेता राजकुमार चौहान की हत्या पर बवाल
बता दें कि 17 मार्च को चिलुआ ताल थाना क्षेत्र के बरगदवा में बीजेपी नेता और प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार चौहान की निर्मम हत्या कर दी गई थी. आरोपियों ने उन्हें दौड़ाकर गोली मारी और चाकुओं से कई वार किए थे. इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव हैं. वहीं बीजेपी के राज्यसभा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने भी इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि अगर अपराधियों को बचाने की कोशिश हुई तो वो सरकार को राज्यसभा में नंगा कर देंगे.
