तीनों कृषि कानूनों को वापस लेना केंद्र सरकार का देर से उठाया हुआ कदम: कपिल

- सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते कांग्रेस पदाधिकारी।
सहारनपुर [24CN]। वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल ने कहा कि केंद्र की किसान विरोधी भाजपा सरकार द्वारा तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने का निर्णय देर से उठाया हुआ कदम है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते भाजपा सरकार इन काले कृषि कानूनों को वापस ले लेती तो देश में साढ़े सात सौ किसानों की जान बच सकती थी। पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल आज यहां गुरूद्वारा रोड स्थित महानगर कांग्रेस कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोई भी सरकार किसानों, गरीबों व मजदूरों की उपेक्षा कर नहीं चल सकती। इसलिए सरकारों को जनहित को ध्यान में रखते हुए नए कानून व योजनाएं बनानी चाहिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी ने पहले ही कहा था कि ये तीनों कृषि कानून किसानों के हित में नहीं हैं। देर-सबेर केंद्र सरकार को इन तीनों काले कानूनों को वापस लेना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार शीघ्र ही संसद में विधेयक लाकर तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने का काम करे तथा इन कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन में अपनी जान गंवाने वाले किसानों के परिजनों को समुचित मुआवजा व एक-एक परिजन को सरकारी नौकरी देने का काम करे ताकि किसानों के परिजन सही तरीके से अपना जीवन यापन कर सकें।
महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों के कंधे से कंधा मिलाकर उनके आंदोलन को सफल बनाने का काम किया है। केंद्र सरकार द्वारा तीनों काले कृषि कानूनों को वापस लिया जाना किसानों की जीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही किसानों व मजदूरों की हितैषी पार्टी है। इसलिए कांग्रेस किसी भी सूरत में किसानों का उत्पीडऩ व शोषण बर्दाश्त नहीं करेगी। वार्ता के दौरान पार्षद स. चंद्रजीत सिंह निक्कू व अशोक सैनी भी मौजूद रहे।