लश्कर आतंकी शब्बीर अहमद गिरफ्तार, ISI के इशारे पर रच रहा था भारत के खिलाफ साजिश, जानें बांग्लादेश कनेक्शन
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मेट्रो पोस्टर केस में हाल ही में पकड़े गए मॉड्यूल के हैंडलर, लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि शब्बीर अहमद लोन इस पूरे मॉड्यूल को संचालित कर रहा था और मेट्रो पोस्टर मामले में पकड़े गए आरोपियों से उसका सीधा संपर्क था. सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर नेटवर्क और साजिश के अन्य पहलुओं की जांच कर रही हैं.
सामने आया बांग्लादेश कनेक्शन
शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए भारत में लश्कर-ए-तैयबा के नए मॉड्यूल को खड़ा करने की तैयारी कर रहा था. गुप्त सूचना के आधार पर दिल्ली बॉर्डर से उसको दबोचा गया है. अधिकारियों के मुताबिक वह बांग्लादेश से संचालित होकर भारत में हमले की साजिश रच रहा था.
कई जगह चिपकाए थे भारत विरोधी पोस्टर
बता दें कि राजधानी दिल्ली से लेकर कोलकाता तक इस आतंकी मॉड्यूल ने कई जगहों पर भारत विरोधी पोस्टर चिपकाए थे, जिमें बुरहान वानी और पाकिस्तान का जिक्र किया गया था. पोस्टरों में मारे गए जैश-ए-मोहम्मद आतंकवादी बुरहान वानी का महिमामंडन करने वाली तस्वीरें और ‘भारत नरसंहार बंद करो और कश्मीर मुक्त करो’ जैसे नारे थे.
जनपथ मेट्रो स्टेशन पर पाकिस्तान समर्थक और आतंकवाद समर्थक पोस्टर चिपकाए जाने को लेकर 8 फरवरी को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. जांच के दौरान दिल्ली में कई स्थानों पर इसी तरह के पोस्टर लगे मिले थे.
स्पेशल सेल कर रही मामले की जांच
दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए केस को स्पेशल सेल को सौंप दिया गया था. उस समय दिल्ली पुलिस ने आठ आरोपयों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से अधिकतर बांग्लादेशी नागरिक थे, जो कथित तौर पर जाली पहचान पत्रों के आधार पर अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे.
