महारैली में गरजे लालू, बोले- RSS का मुखौटा है भाजपा; 2024 में सत्ता से हटाने का किया आवाह्न
पूर्णिया। पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में महागठबंधन की महारैली का शुभारंभ हो चुका है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar), उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav), जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी (Jitan Ram Manjhi) के अलावा कांग्रेस, भाकपा, माकपा, भाकपा माले और हिन्दुस्तानी अवामी मोर्चा के नेता मंच पर उपस्थित हैं। राजद और जदयू के पदाधिकारी, विधायक, सांसद और सरकार के मंत्री रैली में मौजूद हैं।
महारैली में लालू यादव ने कहा- लोकतंत्र बचेगा तभी राजनीति होगी
महागठबंधन की महारैली में राजद सुप्रीमो लालू यादव (Lalu Prasad Yadav) भी जुड़े। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लालू यादव ने दिल्ली में बैठकर सभा को संबोधित किया। लालू यादव ने कहा कि भाजपा पार्टी नहीं है। यह आरएसएस का मुखौटा है। आरएसएस जो चाहता है, वही नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। भारत को बचाने के लिए एकजुटता आवश्यक है। लालू ने कहा कि हम और नीतीश एक हो गए हैं। लोकतंत्र बचेगा तभी राजनीति होगी।देश और संविधान को बचाना है।
ललन सिंह बोले- दिल्ली में बैठे नेताओं को लगा 440 वोल्ट का झटका
महारैली को संबोधित करते हुए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह (Lalan Singh) ने कहा कि बिहार में महागठबंधन बनने के बाद दिल्ली में बैठे नेताओं को 440 वोल्ट का झटका लगा। इसके बाद भाजपा नेताओं की तरफ से लालू यादव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में काफी अनाप-शनाप कहा गया। भाजपा ऐसी पार्टी है जिस में शामिल होते ही वाशिंग मशीन की तरह नेता साफ हो जाते हैं। लोकतंत्र को बचाने के लिए भारत भाजपा मुक्त बनाना जरूरी है।
युवाओं के दिल में रहते हैं तेजस्वी- मंत्री लेसी सिंह
वहीं, जदयू की मंत्री लेसी सिंह और पूर्णिया सांसद संतोष कुशवाहा ने पहले संबोधित किया। लेसी सिंह (Leshi Singh) ने कहा कि नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने बापू के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया है। तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) युवाओं के दिल में रहते हैं। केंद्र से नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को हटाना है।
(5).jpg)
जीतन राम मांझी ने महंगाई मुद्दे पर भाजपा को घेरा
महारैली को संबोधित करते हुए हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी ने कहा कि वर्तमान केंद्र की सरकार जुमलों की सरकार है। दो करोड़ हर साल नौकरी देने का वादा था लेकिन मिला कुछ नहीं। महंगाई रोकने की बात कही थी, लेकिन महंगाई आकाश छू रही है। गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। लोग महंगाई से त्रस्त हैं।
जीतन राम मांझी ने कहा कि भाजपा की सरकार संविधान से खिलवाड़ कर रही है। सभी चीजों को प्राइवेट सेक्टर में ले जा रहे हैं और आरक्षण समाप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार केंद्र में रहेगी तो भारत को बर्बाद कर देगी। हिंदुस्तान टुकड़े-टुकड़े में बंट जाएगा। हर हालत में 2024 और 2025 में बीजेपी को हटाने का काम करें।
बता दें कि राज्य में सत्तारूढ़ महागठबंधन के सभी घटक दल पूर्णिया में एक मंच पर जुटकर भाजपा मुक्त भारत बनाने का आवाह्न कर रहे हैं। पिछले साल 10 अगस्त को महागठबंधन की सरकार बनने के बाद यह पहला अवसर है, जब सभी दल एक साथ साझा उद्देश्य से मंच पर जुटे हैं। इसी मंच से यह भी तय हो जाएगा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किए जाते हैं या नहीं।
