सरकार बनने पर लेंगे किसानों पर हो रहे अत्याचार का हिसाब: लल्लू

सरकार बनने पर लेंगे किसानों पर हो रहे अत्याचार का हिसाब: लल्लू
  • सहारनपुर के लखनौती में संगठन सृजन रैली को सम्बोधित करते कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू।

सहारनपुर [24CN] । कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों पर केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे अत्याचार निंदनीय हैं। उन्होंने किसानो के खिलाफ दर्ज मुकदमों व काले कानूनों की वापसी की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर इसका हिसाब लिया जाएगा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू आज यहां गंगोह विधानसभा क्षेत्र के गांव लखनौती में संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित रैली को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा की केंद्र व प्रदेश की योगी सरकारों पर वायदाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों की आय दोगुना करने का झांसा देकर सत्ता में आई भाजपा सरकार ने उन पर काले कानून थोप दिए जिससे अन्नदाता किसान बंधक मजदूर बनकर रह जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अडानी व अम्बानी के हाथों देश व किसान को गिरवी रखने का कार्य करने में जुटी है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता हर कदम पर किसान के साथ है। प्रदेश अनुशासन समिति के सदस्य व पूर्व विधायक इमरान मसूद ने नाहिद हसन का नाम लिए बगैर कहा कि कैराना से आकर बुजुर्गों व मरहूमों के खिलाफ कोई नसेड़ी ही ऐसी बात कर सकता है। हम बदजुबानी तो नहीं कर सकते परंतु जनता ऐसे लोगों को खुद ही सबक सिखाएगी। उन्होंने 2014 व 2019 के लोकसभा चुनाव में सहारनपुर लोकसभा सीट पर अन्य प्रत्याशियो को जिताने का मामला उठाते हुए कहा कि इससे सेकुलर ताकतें कमजोर हुई हैं।

उन्होंने किसान आंदोलन के कारण हिंदू व मुस्लिमों के बीच की खाई कम होने पर खुशी जताते हुए इस एकजुटता को बरकरार रखने की आवश्यकता पर बल दिया। रैली को विधायक नरेश सैनी, विधायक मसूद अख्तर, पूर्व विधायक पंकज मलिक, एआईसीसी मेम्बर जावेद साबरी, पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद, रैली संयोजक हमजा मसूद, महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा, संदीप वर्मा, उमा भूषण ने भी सम्बोधित किया। रैली की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मुजफ्फर चौधरी व संचालन नगराध्यक्ष कश्यप कुमार फौजी ने किया। इस दौरान पूर्व ब्लाक प्रमुख शिवराज सिंह, प्रधान फरजंद अली, चेयरमैन इकराम, संदीप राणा सहित भारी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।