‘बी फॉर बीड़ी और बी फॉर बिहार’, केरल कांग्रेस के ट्वीट पर तेजस्वी यादव का बड़ा बयान, जानिए क्या कहा
पटना | कांग्रेस की केरल इकाई के ट्वीट, ‘बी फॉर बीड़ी और बी फॉर बिहार…’ पर सियासी घमासान मच गया है। केरल कांग्रेस के ट्वीट पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान दिया है। तेजस्वी ने कहा कि ‘बी फॉर बीड़ी और बी फॉर बिहार’ गलत ट्वीट था। इसका हम लोग समर्थन नहीं करते। उन्होंने केरल कांग्रेस के इस ट्वीट से खुद और अपनी पार्टी से अलग कर लिया और इसकी निंदा भी की।
कांग्रेस ने डिलीट किया विवादित ट्वीट
बिहार की तुलना बीड़ी से किए जाने की बीजेपी समेत एनडीए की पार्टियां निंदा कर रही हैं। विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस ने इस विवादित ट्वीट को डिलीट कर दिया और कहा कि उनका एक्स हैंडल हैक हो गया था।
कांग्रेस ने ट्वीट डिलीट कर मांगी माफी
दरअसल, कांग्रेस की केरल इकाई ने जीएसटी के मुद्दे पर पीएम मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर कटाक्ष करने की कोशिश की, जिसमें उन्होंने बीड़ी से बिहार की तुलना की। पोस्ट में लिखा था ” बीड़ी और बिहार ‘बी’ से शुरू होते हैं। अब इसे पाप नहीं माना जा सकता।” विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस ने ट्वीट को डिलीट कर माफी मांगी। कांग्रेस की तरफ से कहा गया कि हम देख रहे हैं कि जीएसटी दरों को लेकर पीएम मोदी के चुनावी हथकंडे पर हमारे तंज को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। अगर आपको ठेस पहुंची हो तो हम क्षमा चाहते हैं।”
