लंदन: ब्रिटेन के किंग चा‌र्ल्स तृतीय ने अपनी डार्लिंग ममा (महारानी एलिजाबेथ द्वितीय) को प्रेम, स्नेह और मार्गदर्शन की प्रतिमूर्ति बताया है। कहा कि उन्होंने राष्ट्र की जीवन पर्यंत सेवा का व्रत निभाया। अब यही व्रत लेकर वह आगे बढ़ेंगे। महारानी के निधन के बाद उनके उत्तराधिकारी बने किंग चा‌र्ल्स (73) ने यह बात शुक्रवार को अपने पहले संबोधन में कही। उनका संबोधन पूरे यूनाइटेड किंगडम (इंग्लैंड, स्काटलैंड, वेल्स और उत्तरी आयरलैंड) में टेलीविजन पर प्रसारित हुआ।

सब मिलकर बांटेंगे महारानी के निधन का दुख

किंग चा‌र्ल्स ने महारानी एलिजाबेथ को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह उनके सेवा कार्य को आगे बढ़ाएंगे। कहा, राष्ट्र का हर नागरिक महारानी के निधन से दुखी है, वह उस दुख और नुकसान को सबके साथ मिलकर बांटेंगे। हम इस दुख को भूलेंगे नहीं बल्कि इससे मजबूत होकर उभरेंगे। दिवंगत महारानी के अंतिम संस्कार की तारीख घोषित न करते हुए किंग ने बस इतना संकेत दिया कि एक सप्ताह से कुछ ज्यादा समय के बाद राष्ट्र, राष्ट्रमंडल और वैश्विक समुदाय के लोग उनकी प्यारी मां को श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्रित होंगे

आधुनिक ब्रिटेन की रखी नींव

किंग चा‌र्ल्स ने कहा, जिस प्रकार से उनकी मां ने सभी को मजबूत बनाने के लिए समर्पण का भाव दिखाया, वह भी देश की संवैधानिक मान्यताओं के अनुसार जीवन में उसी भाव को लेकर आगे बढ़ेंगे। किसी भी आधार पर बिना भेदभाव के पूरी तन्मयता और प्रेम से लोगों की सेवा करेंगे। कहा, उनके लिए नई जिम्मेदारियां संभालना मुश्किल होगा। इसलिए वह जिम्मेदारियों को बांटते हुए कार्य करेंगे। इस सिलसिले में उन्हें पत्नी कैमिला के सक्रिय सहयोग की अपेक्षा होगी।

विलियम को प्रिंस ऑफ वेल्स की उपाधि

साथ ही किंग चार्ल्स ने अपने सबसे बड़े बेटे विलियम और बहू केट को प्रिंस और प्रिंसेस ऑफ वेल्स की उपाधि से सम्मानित किया। उन्होंने बेटे प्रिंस विलियम को प्रिंस आफ वेल्स की उपाधि और जिम्मेदारी देने को गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि वह प्रिंसेस आफ वेल्स केट मिडल्टन के साथ मिलकर वो जनसेवा की जिम्मेदारियों को बखूबी निभाएंगे।

हैरी और मेघन को भी दिया प्यार

संबोधन के दौरान किंग चार्ल्स ने बेटे हैरी और बहू मेघन के लिए भी अपने प्यार का इजहार किया। देश के नाम संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि, मैं हैरी और मेघन के लिए अपने प्यार जाहिर करना चाहता हूं। वे शाही परिवार से दूर अपना जीवनयापन कर रहे हैं। आज के संबोधन में किंग चार्ल्स का बेटे हैरी को लेकर बयान कई मायने दर्शाता है। हैरी और मेघन शाही परिवार से दूर रहे हैं, उनके परिवार के बाकी सदस्यों के साथ संबंध तनावपूर्ण रहे हैं।