खदीजा तौकीर बनी मान्यता प्राप्त विद्यालय महिला शिक्षक संघ की महानगर अध्यक्ष

- सहारनपुर में नियुक्ति पत्र सौंपते मान्यता प्राप्त विद्यालय महिला शिक्षक संघ के पदाधिकारी।
सहारनपुर [24CN]। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ की महिला विंग की प्रदेशाध्यक्ष डा. समरीन फातमा व जिलाध्यक्ष शबाना रईस ने खदीजा तौकीर को महानगर अध्यक्ष नियुक्त कर उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपकर संगठन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। पुल कम्बोहान स्थित एक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ महिला शाखा की अध्यक्ष डा. समरीन फातमा ने कहा कि निजी स्कूलों की समस्याओं के निराकरण के लिए मजबूती के साथ संघर्ष किया जाएगा। अब महिला शिक्षिका भी निजी स्कूलों के हितों की रक्षा के लिए बढ़-चढ़कर भागीदारी करेंगी।
शिक्षक संघ के अध्यक्ष डा. अशोक मलिक ने कहा कि जब-जब सरकार ने निजी स्कूलों का शोषण किया, तब-तब संगठन मजबूत होता गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार निजी स्कूलों को बर्बाद करके सरकारी स्कूलों को बढ़ावा दे रही है जो हमारे साथ सौतेला व्यवहार है जिसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे तथा भ्रष्ट अधिकारी को जनपद से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष खदीजा तौकीर ने कहा कि वह निजी स्कूलों के हितों के लिए सदैव तत्पर रहेगी तथा संगठन में समर्पित भाव से काम कर निजी स्कूलों की समस्याओं का समाधान कराने का काम किया जाएगा। इस दौरान अमजद अली एडवोकेट, गयूर आलम, मुजाहिद नदीम, मेहताब अली, बरीरा सोनम, नर्गिस, अलीना, इरम, जरीन, ताहिरा, अनम, गुलनाज आदि मौजूद रही।