नई दिल्ली । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के नेता लगातार वैक्सीन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे हैं। आरोप लगा रहे हैं कि केंद्र सरकार द्वारा वैक्सीन उपलब्ध नहीं कराने से दिल्ली में 18 से 44 वर्ष के उम्र वालों के लिए बनाए गए टीकाकरण केंद्र बंद करने पड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री के इस आरोप पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दिल्ली के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। पहले आक्सीजन और अब वैक्सीन को लेकर बहानेबाजी कर रहे हैं।

दिल्ली को मिली है 50 लाख खुराक

मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद बोल रहे हैं कि दिल्ली में वैक्सीन की 50 लाख खुराक की आपूर्ति की गई है। उन्हें बताना चाहिए कि दिल्ली को कहां से वैक्सीन मिली है? सच्चाई यह है कि केंद्र सरकार द्वारा यह वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है। पूरे देश में 20 करोड़ टीके लगाए गए हैं और यह केंद्र सरकार ने उपलब्ध कराए हैं। दिसंबर के पहले सभी व्यस्क लोगों को कैसे टीका लगाया जाए इसकी योजना भी स्वास्थ्य मंत्री डा. हर्षवर्धन ने सामने रखी है। इसके बावजूद दिल्ली के मुख्यमंत्री बेवजह बयानबाजी कर रहे हैं।

आरोपः पहले केजरीवाल ने आक्सीजन पर विवाद किया था

उन्होंने कहा कि इससे पहले केजरीवाल ने आक्सीजन पर विवाद किया था। स्थिति संभालने की जगह रोज आक्सीजन की कमी की बात करते थे। इसके बाद में कह दिया कि उनके पास ज्यादा आक्सीजन है। अब इसी तरह से टीकाकरण को लेकर विवाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के देश में समान रूप से वैक्सीन का वितरण होता है। दिल्ली को पहले की तरह वैक्सीन की खुराक उपलब्ध कराई जाएगी इसलिए मुख्यमंत्री इसे लेकर बहाना बनाना बंद कर दें।