बिहार में सियासी बदलाव पर केसी त्यागी का बड़ा बयान, ‘नीतीश युग का अंत…’
बिहार में होने वाले सियासी बदलाव पर केसी त्यागी ने बड़ा बयान दिया. उन्होंने बिहार के सीएम नीतीश कुमार के एक्स पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ‘नीतीश युग’ का अंत कभी नहीं हो सकता है. केसी त्यागी ने कहा कि नीतीश कुमार ने नया बिहार बनाया है. जैसे कर्पुरी ठाकुर और चौधरी चरण सिंह जिंदा है, ऐसे ही युग-युग तक नीतीश कुमार भी याद किए जाएंगे.
केसी त्यागी ने कहा, “जाहिर है कि सदन (राज्यसभा) की गरिमा बढ़ेगी. 2001 में अपनी ख्याति के चलते और अपने बौद्धिक ज्ञान के चलते उन्हें (नीतीश कुमार) सर्वश्रेष्ठ सांसद का पुरस्कार भी मिला था.”
बता दें कि नीतीश कुमार ने गुरुवार (5 मार्च) को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में राज्यसभा जाने का ऐलान किया और सियासी अटकलों पर विराम लगा दिया. होली के दिन दोपहर के बाद बिहार का सियासी पारा तब चढ़ गया जब ये चर्चा सामने आई कि सीएम नीतीश कुमार राज्यसभा जाने वाले हैं. इसके बाद बयानों की बाढ़ आ गई. किसी को नहीं पता कि क्या होने वाला है. जेडीयू के नेताओं ने भी बस इतना ही कहा कि अंतिम फैसला नीतीश कुमार लेंगे.
बिहार में अब कौन होगा सीएम?
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद बिहार का सीएम कौन होगा, ये अब बड़ा सवाल है. सूत्रों की मानें तो बीजेपी के पास सीएम की कुर्सी जा सकती है. पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार ने 27 नवबंर को मुख्यमंत्री के तौर पर 10वीं बार शपथ ली थी.
निशांत कुमार को क्या जिम्मेदारी मिलेगी?
चर्चा ये भी थी कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को राज्यसभा भेजा जा सकता है. अब जब नीतीश कुमार ने खुद राज्यसभा जाने का फैसला ले लिया है, ऐसे में अब निशांत पर सबकी नजरें टिक गई हैं. निशांत कुमार को जेडीयू में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की चर्चा है. अभी तक निशांत ने जेडीयू की सदस्यता नहीं ली है.
