संजू सैमसन को लेकर कैफ ने कही दिल छू लेने वाली बात, साउथ अफ्रीका से मिली हार को किया याद

संजू सैमसन को लेकर कैफ ने कही दिल छू लेने वाली बात, साउथ अफ्रीका से मिली हार को किया याद

T20 वर्ल्ड कप 2026 के आखिरी सुपर-8 मुकाबले में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। इस करो या मरो की भिड़ंत में जिस बल्लेबाज ने मैच का पासा पलटा, वह थे संजू सैमसन। उनकी विस्फोटक पारी ने भारत को ना सिर्फ जीत दिलाई, बल्कि सेमीफाइनल का टिकट भी पक्का कर दिया। अब उनकी इस यादगार पारी पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने खुलकर अपनी राय रखी है।

सेमीफाइनल का टिकट कटाया

टीम इंडिया ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के अहम मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराकर नॉकआउट में जगह बनाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए विंडीज ने 195 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारत ने पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस रनचेज के हीरो रहे संजू सैमसन, जिन्होंने 50 गेंदों में नाबाद 97 रन ठोक डाले। उनकी पारी में आक्रामकता और संयम का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला। दबाव भरे मुकाबले में सैमसन ने जिस तरह से पारी संभाली, उसने भारतीय खेमे को बड़ी राहत दी।

साउथ अफ्रीका की हार ने जगाया

मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा कि भारत की पहले साउथ अफ्रीका से मिली हार ने टीम मैनेजमेंट को टीम कॉम्बिनेशन पर दोबारा सोचने के लिए मजबूर किया। कैफ ने कहा कि कहीं न कहीं श्रेय साउथ अफ्रीका को भी जाता है, जिन्होंने भारत को बुरी तरह हराया। उस हार के बाद टीम ने कॉम्बिनेशन पर दोबारा विचार किया। टॉप-8 में 6 लेफ्ट हैंडर थे, ऐसे में लगा कि संजू को मौका मिलना चाहिए। उन्हें मजबूरी में लाया गया और फिर उन्होंने ऐसी ऐतिहासिक पारी खेल दी, जिसने भारत को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।

सैमसन की पारी खास

कैफ ने आगे सैमसन की जमकर तारीफ की और उनकी पारी को बेहद खास बताया। उन्होंने याद दिलाया कि कुछ मैच पहले तक सैमसन प्लेइंग इलेवन से बाहर थे और टीम के लिए ड्रिंक्स लेकर मैदान पर आ रहे थे। कैफ ने कहा कि T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में 195 रन का लक्ष्य पहले कभी चेज नहीं हुआ था। इससे पहले भारत ने 160 के आसपास के लक्ष्य हासिल किए थे, जिनमें विराट कोहली की अहम भूमिका रहती थी। अब कोहली के बाद संजू सैमसन ने यह कीर्तिमान हासिल किया है। और खास बात यह है कि यही खिलाड़ी पूरे वर्ल्ड कप में बाहर बैठा था, ड्रिंक्स लेकर जा रहा था, प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप किया गया था।

संजू सैमसन की यह पारी ऐसे वक्त आई है जब भारत को आत्मविश्वास की सबसे ज्यादा जरूरत थी। बड़े टूर्नामेंट में दबाव झेलकर मैच फिनिश करना किसी भी खिलाड़ी के करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है। अब सबकी निगाहें सेमीफाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां टीम इंडिया से एक और दमदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।


Leave a Reply