JP Nadda In West Bengal : मालदा में ममता पर बरसे नड्डा, कहा- दीदी ने बंगाल के किसानों के साथ किया अन्याय

कोलकाता । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के लिए जन समर्थन जुटाने के उद्देश्य से एक बार फिर बंगाल के दौरे पर है। शनिवार को उन्होंने मालदा के शाहपुर गांव में 3,000 से ज्यादा किसानों के साथ खिचड़ी भोज में हिस्सा लिया। इस दौरान किसानों को संबोधित करते हुए नड्डा ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ममता सरकार ने बंगाल के लाखों किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित कर अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि इस बार बंगाल के लोगों ने दीदी को बाय-बाय करने का मन बना लिया है।
विधानसभा चुनाव के बाद दो तिहाई से अधिक बहुमत से भाजपा की राज्य में सरकार बनाने का उन्होंने दावा किया। नड्डा ने कहा कि आज हम सब लोग यहां कृषक सुरक्षा अभियान में कृषक के साथ सहभोज कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। मैं भी कृषक सहभोज में आप सबके साथ इकट्ठा होकर भोजन करूंगा। नड्डा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज जब बंगाल के करीब 25 लाख किसानों ने केंद्र सरकार को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लिए अर्जी भेजी, तो ममता जी कहती हैं कि मैं भी योजना लागू करूंगी। ममता जी अब चुनाव आ गए हैं। अब पछताए होत क्या, जब चिड़िया चुग गई खेत।” उन्होंने कहा कि अब भाजपा की सरकार बंगाल में बनते ही यहां के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाया जाएगा।
भाजपा अध्यक्ष ने पूछा, जय श्रीराम के नारे पर दीदी को गुस्सा क्यों आता है?
मालदा में किसानों को संबोधित करने के दौरान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ममता बनर्जी पर सीधा हमला बोलते हुए यह भी सवाल किया कि ”जय श्रीराम के नारे पर दीदी को गुस्सा क्यों आता है? उन्होंने जोर देकर कहा कि बंगाल ने दीदी को बाय-बाय करने का मन बना लिया है।”
बता दें कि बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एक बार फिर बंगाल के दौरे पर आए हैं। शुक्रवार देर रात कोलकाता पहुंचने के बाद नड्डा शनिवार सुबह हेलीकॉप्टर से मालदा जिले के दौरे पर पहुंचे हैं। हालांकि मालदा में उनके सुबह 10:00 बजे ही पहुंचने का कार्यक्रम था लेकिन करीब डेढ़ घंटे की देरी से वे मालदा पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद भाजपा अध्यक्ष सबसे पहले मैंगो रिसर्च इंस्टीट्यूट पहुंचे। यहां उन्होंने किसानों के साथ भी बातचीत की। इस दौरान किसानों ने भाजपा अध्यक्ष को आम का पौधा भेंट किया।
यहां का दौरा करने के बाद नड्डा मालदा के शाहपुर गांव पहुंचे हैं। यहां 3,000 से ज्यादा किसानों के साथ नड्डा सामूहिक भोज में हिस्सा लेंगे। दरअसल, भाजपा की ओर से राज्य में कृषक सुरक्षा अभियान के तहत चलाए गए एक मुट्ठी चावल संग्रह अभियान के तहत संग्रहित किए गए अनाज से यहां खिचड़ी व अन्य पकवान बनाए गए है, जिसमें किसानों के साथ बैठकर नड्डा भोजन करेंगे। इसी के साथ चावल संग्रह अभियान का भी समापन हो जाएगा, जिसकी शुरुआत नड्डा ने ही पिछले महीने बंगाल के पूर्व बद्र्धमान जिले के कटवा से की थी। इसके बाद दोपहर साढ़े 12:30 बजे से मालदा में फोआरा रोड से रवींद्रनाथ ठाकुर की प्रतिमा तक उनका रोड शो का कार्यक्रम है। हालांकि मालदा में देरी से पहुंचने के कारण रोड शो भी विलंब से शुरू होगा।
नदिया के नवद्वीप से आज भाजपा की परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे नड्डा
इसके बाद नड्डा नदिया जिले के नवद्वीप के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां से दोपहर करीब 3:30 बजे भाजपा की परिवर्तन यात्रा को वह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यहां वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। भाजपा ने इसके लिए पूरी तैयारियां की है। इससे पहले भाजपा अध्यक्ष नवद्वीप में भक्ति आंदोलन के संत चैतन्य महाप्रभु को भी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
उनका दोपहर 3:00 बजे नवद्वीप में श्री श्री गौरांग जन्म स्थान आश्रम जाने का कार्यक्रम है, जहां वह श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। गौरतलब है कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा इकाई शनिवार से परिवर्तन यात्रा शुरू करने जा रही है। इसको लेकर पांच चरणों में पांच अलग-अलग जगहों से परिवर्तन यात्रा शुरू होगी जो राज्य के सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी।