खेल प्रतिभाओं को नहीं होने देंगे धन का अभाव: जयंत

खेल प्रतिभाओं को नहीं होने देंगे धन का अभाव: जयंत
सहारनपुर में पदक विजेता खिलाड़ी के सम्मान समारोह को सम्बोधित करते रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी।
  • रालोद सुप्रीमो ने किया रजत पदक विजेता खिलाड़ी प्राची चौधरी का सम्मान

सरसावा। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद जयंत चौधरी ने नकुड़ विधानसभा क्षेत्र के गांव झबीरन पहुंचकर एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली प्राची चौधरी को ट्राफी प्रदान कर उनका सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने झबीरन में मिनी खेल स्टेडियम बनवाने की भी घोषणा की।

सरसावा विकास खंड के गांव झबीरन स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचने पर रालोद कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष राव कैसर, प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह व खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नीरपाल सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। तत्पश्चात सांसद जयंत चौधरी ने एशियाई खेलों में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली प्राची चौधरी को ट्राफी भेंट कर उनका सम्मान किया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी ने कहा कि प्राची चौधरी ने एशियाई खेलों में रजत पदक जीतकर साबित कर दिया है कि बेटियां देश का गौरव हैं। उन्होंने आशा जताई कि प्राची अब ओलम्पिक में भी गोल्ड मेडल जीतेगी ताकि फिर हमें सम्मान करने सौभाग्य मिलेगा। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे प्राची से प्रेरणा लें। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि गांव-गांव व घर-घर पदक पहुंचे। इसलिए नौजवानों को खेलों में अधिक से अधिक रूचि लेनी चाहिए क्योंकि खेलों से शारीरिक व मानसिक विकास होता है।

साथ ही नौकरी व रोजगार के रास्ते खुलते हैं। सांसद जयंत चौधरी ने झबीरन में मिनी स्टेडियम बनवाने की घोषणा करते हुए कहा कि खेलों और खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के लिए रालोद बेहतर से बेहतर कदम उठाएगा तथा किसी भी खेल प्रतिभा को धनाभाव या किसी अन्य कारण से उसे वंचित नहीं रहने देंगे तथा राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेले। इसके लिए हरसंभव मदद करने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अपार खेल प्रतिभाएं हैं परंतु प्रोत्साहन के अभाव में भारत खेलों में पीछे है। देश का खेल बजट 3400 करोड़ रूपए है जो 100 करोड़ भारत की जनत पर मात्र 24 रूपए प्रति व्यक्ति बैठता है जो सरकार की खेल नीति पर प्रश्नचिन्ह लगाता है।

कार्यक्रम में प्राची चौधरी के पिता जयवीर चौधरी ने रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी को तिरंगे रंग की पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान शामली विधायक प्रसन्न चौधरी, खेल प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष दीपक तोमर, रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन, महानगर अध्यक्ष भूषण दत्त चौहान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगराज सिंह, प्रताप लोहिया, रिंकू सोनकर, चौ. अरविंद मलिक, सतीश एडवोकेट समेत भारी संख्या में रालोद कार्यकर्ता व क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।