सभी के आशीर्वाद से लड़ी जाएगी गरीबों व किसानों की लड़ाई: जयंत चौधरी

- सहारनपुर में गंगोह में आशीर्वाद रैली को सम्बोधित करते रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी।
सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के शासनकाल में आंदोलन कर किसानों पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस किसान विरोधी सरकार को हम सबको मिलकर आगामी चुनाव में बदलना है।
रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी आज कस्बा गंगोह में आशीर्वाद पथ रैली को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में भ्रष्टाचार बढ़कर बेलगाम हो गया है। जनता का अंधाधुंध महंगाई से बुरा हाल है। पेट्रोल-डीजल के दाम प्रतिदिन बढ़ रहे हैं, परंतु केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारें इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही हैं। जबकि महंगाई से आम आदमी की कमर टूट चुकी है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में बैठे बाबा को युवाओं व मजदूरों की कोई फिक्र नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बाबा कभी हंसते नहीं हैं। मैं कहता हूं कि कभी-कभी बाबा हंस भी लिया करो। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में यूपी की पहचान झगड़ा-फसाद वाली बना दी गई है।
उन्होंने कहा कि राजनीति में चौ. चरणसिंह के बताए रास्ते पर चलना होगा तभी दबे-कुचले व वंचित समाज के लोगों की आवाज को उठाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या व गरीबों के हकों की लड़ाई लड़ी जाएगी। यह लड़ाई बड़ी है, इतनी आसान नहीं है। इसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में रालोद की सरकार बनने पर किसान सम्मान निधि को छह हजार से बढ़ाकर 12 हजार रूपए प्रतिवर्ष किया जाएगा तथा सीमांत किसानों के लिए 15 हजार रूपए सम्मान निधि की व्यवस्था कराई जाएगी।
उन्होंने रोडवेज पर कटाक्ष करते हुए कहा कि रोडवेज खस्ता हाल से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि बसों में ठीक से पुर्जे व सीटें भी नहीं हैं। यदि उत्तर प्रदेश में सरकार बनी तो रोडवेज बसों की संख्या 25 हजार से अधिक की जाएगी। रैली संयोजक नोमान मसूद ने कहा कि हमारे परिवार का सम्बंध चौधरी के साथ पीढिय़ों से है। हम चौ. चरणसिंह के समय से चौधरी परिवार से जुड़े हुए हैं। उन्होंने भाजपा को जनविरोधी बताते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में हराने की अपील की।
आशीर्वाद पथ रैली को पूर्व विधायक ठा. वीरेंद्र सिंह, संकल्प समिति के सदस्य व पूर्व राज्यमंत्री चौ. नीरपाल सिंह, प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह, जिलाध्यक्ष राव कैसर, प्रदेश सचिव रजनीश चौहान, देवेंद्र सिंह, अम्बेहटा नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि इनाम साकिर, स. देवेंद्र सिंह ने भी सम्बोधित किया। रैली की अध्यक्षता मा. मोहर सिंह व मंच संचालन पूर्व जिला पंचायत सदस्य संदीप चौधरी ने किया।