भाजपा में ही सभी वर्गों का हित सुरक्षित: जसवंत सैनी

भाजपा में ही सभी वर्गों का हित सुरक्षित: जसवंत सैनी
  • सहारनपुर में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का स्वागत करते पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN]। उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जसवंत सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में ही सभी वर्गों का हित सुरक्षित है क्योंकि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो जाति धर्म की भावनाओं से ऊपर उठकर सभी वर्गों के कल्याण की भावना से कार्य करती है। इसलिए भाजपा शासन में सभी वर्गों को बिना किसी भेदभाव के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का काम किया जा रहा है।

जसवंत सैनी आज यहां दिल्ली रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष हैदर के स्वागत व सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी वर्गों के लोगों को पूरा मान-सम्मान देने का काम कर रही है। इसीलिए हैदर को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों व सिद्धांतों के साथ-साथ प्रदेश व केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराने का काम करें ताकि आगामी चुनाव में दो तिहाई बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाई जा सके।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष हैदर ने कहा कि अल्पसंख्यक वर्ग का हित भाजपा में ही सुरक्षित है। पार्टी से अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों को जोडऩे का काम किया जाएगा तथा मोर्चा को बूथ स्तर तक मजबूत बनाया जाएगा। कार्यक्रम भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गुरभेज सिंह पेजी, महानगर अध्यक्ष स. कमल चुग, जिला पंचायत सदस्य सुशील प्रधान कम्हेड़ा ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।