जल पिलाकर निगम की प्याऊ का जल शक्ति मंत्री ने किया उद्घाटन

जल पिलाकर निगम की प्याऊ का जल शक्ति मंत्री ने किया उद्घाटन
  • सहारनपुर में हसनपुर चौक पर तीन जवानों के स्टेचुओं का लोकार्पण करते प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह।

सहारनपुर [24CN]। सहारनपुर को स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ाने के लिए नगर निगम द्वारा चौराहों का भी सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। सौंदर्यीकरण अभियान की इसी श्रंृखला में हसनपुर चौक पर स्थापित तिरंगा ध्वज के नीचे सीमा पर तैनात तीन सशस्त्र जवानों की प्रतिमाएं लगायी गयी है। इन प्रतिमाओं का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने आज उद्घाटन किया।

इस मौके पर उन्होंने निगम द्वारा महानगर के अनेक स्थानों पर शुरु की गयी शुद्ध पेयजल सेवा का भी दूसरों को जल पिलाकर और अपने आप जल ग्रहण कर उद्घाटन किया। नगर निगम द्वारा चौराहों के सौंदर्यीकरण की श्रृंखला में हसनपुर चौक पर स्थापित 100 फुट ऊंचे तिरंगा स्थल पर सीमा पर तैनात तीन सशस्त्र जवानों के स्टेच्यू लगाए गए है। तीनों जवान बंदूकों के साथ मोर्चा लेते हुए बैठे हैं। इन तीनों जवानों के स्टेच्यू का आज दोपहर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री व प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भारत माता की जय, वंदेमातरम, देश के वीर जवानों की जय के गगनभेदी नारों के बीच फीता काटकर उद्घाटन किया और देश की एकता-अखंडता को सुरक्षित रखने का संदेश दिया।

स्वतंत्र सिंह जैसे ही हसनपुर चौक पहुंचे नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने नगर निगम की ओर से बुके देकर और निगम के अधिकारियों व सफाई कर्मियों तथा वहां मौजूद अन्य लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वतंत्र देव सिंह का स्वागत किया। चिलचिलाती धूप में राहगीरों को शुद्ध शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम द्वारा महानगर में अनेक प्रमुख स्थानों पाश्र्वनाथ प्लाजा, सिविल हॉस्पिटल, जेल चुंगी बस स्टैंड, भारत माता चौक, रायवाला चौक,चिलकाना बस स्टैंड, बेहट बस स्टैंड, रेलवे रोड बस स्टैंड, मानकमऊ बस स्टैंड, चौकी सराय आदि प्रमुख स्थानों पर माटी के मटकों और गिलास उपलब्ध कराने के साथ पेयजल सेवा शुरु की गयी है।

हसनपुर चौक पर इस पेयजल सेवा का जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने मटके से जल लेकर भाजपा नगराध्यक्ष राकेश जैन व देवबंद विधायक और प्रदेश के राज्य मंत्री कुंवर ब्रजेश सिंह को जल पिलाया और अपने आप भी जल ग्रहण किया। उन्होंने यह सेवा शुरु करने के लिए नगर निगम की सराहना की। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता महिपाल माजरा, शशि वालिया तथा नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक इंद्रपाल सिंह, अमित तोमर व राजकमल आदि मौजूद रहे।