वर्षा जल संरक्षण के लिए जिले में स्थापित होगा जल शक्ति केंद्र

वर्षा जल संरक्षण के लिए जिले में स्थापित होगा जल शक्ति केंद्र
  • सहारनपुर में कैच द रेन कार्यक्रम के सम्बंध में वर्चुअल बैठक करते नगरायुक्त।

सहारनपुर। प्रदेश के हर जिले में सरकार जल शक्ति केंद्र स्थापित करेगी ताकि ‘कैच द रेनÓ योजना के तहत वर्षा जल संरक्षण व जन जागरुकता कार्यक्रम तैयार किये जा सके। प्रत्येक नगर निगम में महाप्रबंधक जल के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर इस योजना पर कार्य किया जायेगा।

नगरायुक्त इस योजना के नोडल अधिकारी होंगे। इस सम्बंध में नगरायुक्त ज्ञानेंद्रसिंह ने वर्चुअल बैठक कर जिले के सभी निकायों को योजना के सम्बंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘कैच द रेनÓ अभियान अपने नाम के अनुसार वर्षा जल को इकठ्ठा करने से जुड़ा है। नगरायुक्त ने निकाय अधिकारियों को बताया कि प्रधानमंत्री ने मार्च 2021 में कैच द रेन अभियान शुरु किया था। इसका उद्देश्य वर्षा का पानी जहां भी गिरे और जब भी गिरे उसे एकत्रित करना यानि वर्षा जल को हर हाल में अधिक से अधिक संरक्षित करना है। उन्होंने बताया कि देशभर में राज्य सरकारें हर जिले में एक जलशक्ति केंद्र स्थापित करेगी। नगर निगम में एक ज्ञान केंद्र स्थापित किया जायेगा। जिसमें जीआईओएस के माध्यम से जल की महत्ता व जल संरक्षण के सम्बंध में ज्ञान दिया जायेगा।

जल संरक्षण के सम्बंध में योजनाएं बनाकर अपने जनपद को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जायेगा। जल संचय करने से जुड़े कार्यों जैसे रेन वाटर हार्वेस्टिंग, वृक्षारोपण, तालाबों व पोखरों की सफाई और निर्माण आदि कार्य भी इस योजना के तहत कराये जायेंगे। मानसून आने से पहले वर्षा जल संचय करने की व्यवस्था सुनिश्चित करना अभियान का उद्देश्य है। इस कार्य में स्वयं सेवी संगठनों, किसानों तथा हर वर्ग की सहभागिता करायी जायेगी। क्षेत्रीय स्तर पर भी सरकार द्वारा बड़े स्तर पर तकनीक की सहायता से वर्षा जल संरक्षण के लिए योजनाएं बनायी जायेंगी।

नगरायुक्त ने बताया कि जलशक्ति मंत्रालय द्वारा जल उपयोगिता को लेकर जल जीवन मिशन, हर घर नल योजना आदि अनेक योजनाएं चलायी जा रही है। जल शक्ति अभियान, जल संरक्षण और जल की महत्ता की तरफ लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए शुरू किया गया है। नगरायुक्त ने इस अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इस अभियान से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के पास वर्षा जल संचय करने के लिए एक संदेश भेजना और उन्हें जल संरक्षण के प्रति जागरुक करना होगा।

निगम के पर्यावरण प्लानर उमर सैफ ने बताया कि जल शक्ति केंद्र एक ज्ञान केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जल संबंधी सभी समस्याओं का एकल समाधान केंद्र प्रदान करेगा तथा यथा शीघ्र जिला जल संरक्षण योजना तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि यदि यह योजना सही ढंग से क्रियान्वित हुई और इसमें सभी लोगों का सहयोग रहा तो इस योजना के चलते जनपद के सभी ब्लॉक डार्क जोन से बाहर आने में मदद मिलेगी।वर्चुअल बैठक में महाप्रबंधक जल मनोज आर्य तथा स्थानीय निकायों के अधिकारी भी शामिल रहे।