भांकला पेयजल योजना पूर्ण होने पर मनाया गया जल महोत्सव, 5190 लोगों को मिलने लगी शुद्ध पेयजल आपूर्ति
- सहारनपुर में ग्राम भांकला में आयोजित कार्यक्रम का दृश्य।
सहारनपुर। जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद सहारनपुर के विकास खंड रामपुर मनिहारन स्थित ग्राम भांकला में पेयजल योजना के सभी कार्य पूर्ण होने के बाद सोमवार को जल अर्पणध्जल महोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भाग लेकर योजना के सफल क्रियान्वयन पर खुशी जताई।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार, ग्राम सचिव ऋतिक मलिक, ग्राम प्रधान श्रीमती जयाश्री, अधिशासी अभियंता मो. हाशिम, सहायक अभियंता रामदत्त (उप्र जल निगम ग्रामीण), फर्म प्रतिनिधि मो. आकिब खान (परियोजना प्रबंधक, मै. बाबा जी.ए. इंफ्रा जेवी), डीपीएमयू टीम के दीपक यादव सहित अन्य कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना का उद्देश्य प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी नागरिक दूषित पानी के कारण बीमार न हो और सभी को सुरक्षित पेयजल मिल सके।
इस योजना के माध्यम से वर्तमान में ग्राम भांकला की लगभग 5190 की आबादी को 1106 घरों में क्लोरीनयुक्त शुद्ध पेयजल की आपूर्ति अवर जलाशय के माध्यम से निर्धारित समय के अनुसार सुचारू रूप से की जा रही है। ग्रामीणों ने योजना के संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए सरकार और विभाग का आभार जताया।
