Jahangirpuri Violence LIVE : जहांगीरपुरी में चलने लगा बुलडोजर, तोड़ा जाने लगा अवैध निर्माण; कल भी चलेगी कार्रवाई

Jahangirpuri Violence LIVE : जहांगीरपुरी में चलने लगा बुलडोजर, तोड़ा जाने लगा अवैध निर्माण; कल भी चलेगी कार्रवाई
  • देश की राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी हिंसा मामले में आरोपितों पर सख्ती की जा रही है। इसी कड़ी में आरोपितों द्वारा किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माण बुधवार को गिराए जाएंगे। इसके लिए उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने पूरी तैयारी कर ली है।

नई दिल्ली। दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। अतिमक्रमण हटाने की कड़ी में कुशल चौक पर बुलडोजर के जरिये रेहड़ियों को तोड़ा जा रहा है। अब तक तीन रेहड़ियों को तोड़ दिया गया है। यहीं पर हनुमान जन्मोत्सव के दौरान शोभायात्रा पर पथराव किया गया था। इससे पहले बुधवार सुबह 10 बजे के आसपास बुलडोजर पहुंच गया और अगले दो दिन तक अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

16 अप्रैल को निकाली गई शोभायात्रा में हिंसा करने वालों पर आरोपितों की ओर से किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माण को कार्रवाई के तहत उत्तरी दिल्ली नगर निगम की ओर से गिराया जाएगा। उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। बुलडोजर चलने के खौफ से लोग सकते में है। इस वजह से लोग समान उठा कर भाग रहे हैं। यह सिलसिला बुधवार सुबह से ही जारी है।

दरअसल, बुधवार सुबह से ही अतिक्रमण हटाए जाने की गैर आधिकारिक सूचना के चलते लोगों पर इसका खौफ भी देखा जा रहा है। घटनास्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि वे यहां कचरा या अपशिष्ट पदार्थ इकट्ठा करते हैं। अब वे इसे हटा रहे हैं क्योंकि हमें पता चला है कि यहां बुलडोजर आएगा।

पुलिस टीम ने लिया अतिक्रमण हटाने पूर्व हालात का जायजा

वहीं, एमसीडी द्वारा घोषित अतिक्रमण विरोधी अभियान से पहले डीसीपी उत्तर पश्चिम उषा रंगनानी ने जहांगीरपुरी क्षेत्र का पुलिस टीम के साथ निरीक्षण किया। दिल्ली पुलिस ने बुधवार सुबह जहांगीरपुरी में स्थिति का जायजा लिया, जहां पर 16 अप्रैल को एक धार्मिक जुलूस के दौरान हिंसा हुई थी।

jagran

सार्वजनिक जमीनों को फ्री करें लोग : मेयर, NDMC

जहांगीरपुरी में अतिक्रमण विरोधी अभियान को लेकर राजा इकबाल सिंह (मेयर, उत्तरी दिल्ली नगर निगम दिल्ली) का कहना है कि ये हमारा रूटीन का काम है कि जहां अवैध निर्माण और सरकारी ज़मीन पर अतिक्रमण हो, वो जगह हम खाली करवाते हैं। आज (बुधवार) भी हम वही काम करने वाले हैं। हमारा यही संदेश है कि लोग सार्वजनिक ज़मीन को फ्री छोड़ दें।

jagran

jagran

गौरतलब है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम (NDMC)  के महापौर राजा इकबाल सिंह को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। ऐसे में माना जा रहा है कि बुधवार को यहां पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है। इसके लिए निगम ने 400 पुलिसकर्मी मांगे हैं। मंगलवार को भी जहांगीरपुरी में कबाडि़यों के अतिक्रमण को हटाने के लिए सुरक्षा मांगी थी, लेकिन पुलिस बल नहीं मिल पाने से यह संभव नहीं हो पाया।

आदेश गुप्ता ने अपने पत्र में महापौर से अनुरोध किया है। इसमें उन्होंने कहा है कि 16 अप्रैल को निकाली गई शोभायात्रा पर कुछ असमाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया था। इन्होंने आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेताओं के संरक्षण में अवैध निर्माण और अतिक्रमण किया हुआ है। अवैध निर्माण और अतिक्रमण को चिह्नित कर कार्रवाई की जाए।

निगम ने पुलिस उपायुक्त को लिखा पत्र

उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने उत्तर-पश्चिमी जिले के पुलिस आयुक्त को मंगलवार से गुरुवार तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के लिए पत्र लिखा है। इसमें निगम ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के साथ निगमों के विभिन्न विभाग जहांगीरपुरी इलाके में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाएंगे।

उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि असमाजिक तत्वों ने कबाड़ से सड़क और सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा कर रखा है। अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जहांगीरपुरी इलाके को अतिक्रमण और अवैध निर्माण से मुक्त कराया जाए। इसके लिए बुधवार को दिन कभी भी कार्रवाई की जा सकती है।

वहीं, इस बाबत (राजा इकबाल सिंह, महापौर, उत्तरी दिल्ली नगर निगम) का कहना है कि जोनल अधिकारियों ने मंगलवार को भी सुरक्षा मांगी थी, लेकिन पुलिस बल नहीं मिल पाने की वजह से कार्रवाई नहीं हो सकी। आज फिर कार्रवाई करेंगे।