प्रत्येक व्यक्ति को कानूनों की जानकारी होनी आवश्यक: अपर जिला जज

प्रत्येक व्यक्ति को कानूनों की जानकारी होनी आवश्यक: अपर जिला जज
  • सहारनपुर में मदर टेरेसा स्कूल में आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम का दृश्य।

सहारनपुर। जिला विधिक प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला जज सुरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कानून की जानकारी होनी चाहिए। अपर जिला जज सुरेंद्र सिंह आज मदर टेरेसा नर्सिंग कालेज में स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस पर आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कर्तव्यों के साथ-साथ अधिकारों का भी ज्ञान होना चाहिए। उन्होंने बुजुर्गों से सम्बंधित उनके हितों की रक्षा के लिए कानून बनाए जाने के लिए जानकारी प्रदान की। साथ ही 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों द्वारा आपराधिक वारदात करने पर क्या-क्या धाराएं व उनमें सजा के प्राविधान के बारे में भी जानकारी दी।

उत्तर प्रदेश प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डा. डी. सी. पांडेय ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए पेड़ों का बहुत महत्व है। यदि किसी के घर के आसपास कोई ऐसी फैक्ट्री या कारखाना चल रहा हो या उससे प्रदूषण फैल रहा हो तो उसकी शिकायत उनके कार्यालय में कर सकते हैं। वन परिक्षेत्र अधिकारी एस. के. गुप्ता ने कहा कि पेड़ हमारी सम्पदा हैं और पर्यावरण में इनका बहुत महत्व है। हरे पेड़ों का काटना अपराध के समान है। नायब तहसीलदार नितिन कुमार ने छात्रों को जानकारी दी कि सरकार द्वारा आय व जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए जनसुविधा केंद्र खोले गए हैं जिससे छात्र-छात्राएं अनावश्यक परेशानी से बच रहे हैं।

कार्यक्रम को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी राजकुमार गुप्ता, संस्था अध्यक्ष एस. एस. राणा ने भी सम्बोधित किया। इससे पूर्व कालेज के चेयरमैन एस. एस. राणा, अपर जिला जज सुरेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी डा. डी. सी. पांडेय, एसएसआई कपिल देव, वन परिक्षेत्र अधिकारी एस. के. गुप्ता व नायब तहसीलदार नितिन कुमार ने कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम का संचालन साजिया ने किया। इस दौरान दीक्षा, इशिता, डा. सौम्या कर्णवाल, डा. सागर, इकबाल, नेहा कपूर, प्रिंसी, कौशल सहित सभी कर्मचारी मौजूद रहे।