वृक्षों के बिना पृथ्वी पर जीवन कल्पना असम्भव

वृक्षों के बिना पृथ्वी पर जीवन कल्पना असम्भव
  • सहारनपुर में मानव कल्याण आश्रम में पौधारोपण करते अतिथि।

सहारनपुर [24CN]। मानव उत्थान सेवा समिति के सहारनपुर कल्याण आश्रम प्रभारी शालिनी बाई ने कहा कि वृक्षों के बिना धरती पर जीवन की कल्पना करना भी असंभव है। आश्रम प्रभारी शालिनी बाई आज यहां हसनपुर चुंगी आईटीसी रोड स्थित कल्याण आश्रम में समाजसेवी सतपाल महाराज की प्रेरणा से विगत 2 अगस्त से चलाए जा रहे पौधारोपण कार्यक्रम के समापन कार्यक्रम को सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि आज भी प्रदूषण के कारण गलोबल वार्मिंग, वायु प्रदूषण व जलवायु परिवर्तन जैसे विकट संकटों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए समाजसेवी सतपाल महाराज की प्रेरणा से हम लोग प्रतिवर्ष इसी प्रकार पेड़ लगाते हैं तथा यह कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि सहारनपुर में कल्याण आश्रम में कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए 20627 पौधे रोपित किए गए। उन्होंने बताया कि मानव उत्थान सेवा समिति अखिल भारतीय आध्यात्मिक व सामाजिक संस्था है जिसके द्वारा विश्व स्तर पर आध्यात्मिक ज्ञान प्रचार के अलावा समाज सेवा के कार्य, गरीब व असहाय बच्चों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराकर उन्हें पढ़ाना, नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करना, पर्यावरण को बचाने के लिए पेड़ लगाने के कार्यक्रम निरंतर चलाए जाते हैं। उन्होंने भावी पीढ़ी को शुद्ध पर्यावरण उपलब्ध कराने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण करने का भी आह्वान किया।