तेहरान पर हमले में IRGC के नेवी चीफ तंगसिरी की मौत, इजरायल के दावे के बाद अब ईरान की पुष्टि
नई दिल्ली। ईरान ने सोमवार को रिवोल्यूशनरी गार्ड के नौसेना प्रमुख अलीरेजा तंगसिरी की मौत की पुष्टि की। इससे पहले इजरायल ने गुरुवार को दावा किया था कि उसने ईरान की नौसेना में रियर एडमिरल तंगसिरी को मार गिराया है।
सोमवार को गार्ड की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि तंगसिरी अपनी चोटों की गंभीरता के कारण अल्लाह की शरण में चले गए। इस बयान को सरकारी टेलीविजन पर पढ़ा गया।
‘हर लड़ाका तंगसिरी है’
न्यूज एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, बयान में तंगसिरी के प्रयासों की सराहना की गई। विशेष रूप से ईरान को होर्मुज स्ट्रेट पर अपना दबदबा बनाए रखने में मदद करने के लिए। बयान में आगे कहा गया, “हर लड़ाका एक तंगसिरी है और हम देखेंगे कि आने वाले दिनों और महीनों में वे क्या-क्या हैरान करने वाली चीजें सामने लाते हैं।”
पेट्रोकेमिलकल प्लांट पर भी हुआ हमला
इस बीच, सरकारी मीडिया ने बताया कि सोमवार को तेहरान से लगभग 530 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित एक पेट्रोकेमिकल प्लांट पर हमला हुआ। मीडिया ने यह भी बताया कि दमकलकर्मियों ने मौके पर लगी आग बुझा दी।
