‘तेल से जुड़ा सारा इंफ्रास्ट्रक्चर राख कर देंगे’, खर्ग द्वीप पर अमेरिकी हमले के बाद ईरान की धमकी
नई दिल्ली। ईरानी सशस्त्र बलों ने शनिवार को कहा कि ईरान के तेल और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर किसी भी हमले का जवाब, इस क्षेत्र में अमेरिका के साथ सहयोग करने वाली तेल कंपनियों के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमला करके दिया जाएगा।
यह चेतावनी तब आई जब राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के मुख्य तेल केंद्र, खर्ग द्वीप पर स्थित सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया है। यह द्वीप ईरान के 90% तेल निर्यात के लिए एक टर्मिनल के रूप में कार्य करता है।
ईरान ने क्या कहा?
ईरान ने कहा, “हमारे तेल और ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले का जवाब अमेरिकी तेल और ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर को राख करके दिया जाएगा।”
ईरानी मीडिया के हवाले से सेना के ‘अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर’ ने एक बयान में कहा कि अगर ईरान की ऊर्जा सुविधाओं पर हमला किया जाता है तो अमेरिका के साथ सहयोग करने वाली कंपनियों के तेल और ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर को “तुरंत तबाह कर दिया जाएगा और राख के ढेर में बदल दिया जाएगा।”
‘ईरान की तरह योजनाएं भी खत्म’
उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का कहना है कि मिडिल ईस्ट पर कब्जा करने और इजरायल को तबाह करने की ईरान की योजनाएं ‘अब खत्म हो चुकी हैं’।
ट्रंप ने कहा कि ईरान की पूरे मिडिल ईस्ट क्षेत्र पर कब्जा करने और इजरायल को तबाह करने की महत्वाकांक्षाएं थीं, लेकिन उन्होंने दावा किया कि अब वे योजनाएं नाकाम हो चुकी हैं। ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने लिखा कि ईरान का मकसद पूरे क्षेत्र में अपना प्रभाव बढ़ाना और इजरायल को खत्म करना था।
