दारुल उलूम पहुंचे ईरान कल्चरल काउंसर, उलमा ने किया स्वागत

दारुल उलूम पहुंचे ईरान कल्चरल काउंसर, उलमा ने किया स्वागत
दारूल उलूम के मोहतमिम से मुलाकात करते ईरान कल्लचरल काउंसर 
  • दारुल उलूम वक्फ में मोहतमिम ने पुस्तकें भेंट की, उलमा को ईरान आने की दावत

देवबंद [24CN]: ईरान कल्चर हाऊस के काउंसर डा. मोहम्मद अली रब्बानी बृहस्पतिवार को देवबंद पहुंचे। उन्होंने इस्लामी तालीम के प्रमुख केंद्र दारुल उलूम और दारुल उलूम वक्फ का भ्रमण किया। साथ ही दोनों संस्थाओं के जिम्मेदारों से मुलाकात कर यहां दी जानी वाली शिक्षा के बारे में जानकारी ली।

नगर के आलिम-ए-दीन मौलाना शहजाद कासमी की अगुवाई में दारुल उलूम पहुंचे ईरान कल्चरल काउंसर डा. मोहम्मद अली रब्बानी ने संस्था के मेहमानखाने में मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी से मुलाकात की। इस दौरान मोहतमिम ने उन्हें आजादी की लड़ाई में देवबंदी उलमा की भूमिका, संस्था में दी जानी वाली शिक्षा और छात्रों के रहन सहन से संबंधित जानकारी दी। डा. रब्बानी ने संस्था में स्थित लाइब्रेरी में ऐतिहासिक पुस्तकों को देखा और उनके रख रखाव पर खुशी जताई। इसके बाद उन्होंने दारुल उलूम वक्फ के मोहतमिम मौलाना सुफियान कासमी से मुलाकात की।

मौलाना सुफियान ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत करते हुए पुस्तकें भेंट की। डा. मोहम्मद रब्बानी ने दोनों दीनी इदारों को देख उनकी जमकर प्रशंसा की। साथ ही दोनों इदारों के जिम्मेदारों को ईरान आने की दावत भी दी। इस दौरान मेहंदी बाकिर खान, कारी यासीन, मौलाना इश्तियाक, मुफ्ती अब्दुल वली, मौलाना राशिद जमाल और डा. एसए अजीज मौजूद रहे।