आज से शुरू IPL 2026, पहले ही मैच में इतिहास रचेंगे ईशान किशन; RCB और SRH होंगी आमने-सामने
इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें संस्करण (IPL 2026) का इंतजार खत्म हो गया है, दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग का शुभारंभ आज से होने जा रहा है. पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच भिड़ंत है. ये मुकाबला एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. RCB कप्तान रजत पाटीदार के हौसले बुलंद होंगे, जिनकी कप्तानी में टीम ने पिछले साल खिताब जीता था. वहीं दूसरी SRH की कमान ईशान किशन के हाथों में होगी, क्योंकि टीम के कप्तान पैट कमिंस इंजरी के कारण शुरूआती मैचों से बाहर हो गए हैं.
पैट कमिंस पीठ में चोट के कारण आईपीएल के शुरूआती मैचों से बाहर हो गए हैं, जिनकी गैरमौजूदगी में ईशान किशन SRH की कमान संभालेंगे. ईशान ने अपनी कप्तानी में झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 का खिताब जिताया था, उन्होंने बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया था और इसी के दम पर टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड में जगह पाई. ईशान ने टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया, अब हैदराबाद चाहेगी कि विकेटकीपर बल्लेबाज अपनी फॉर्म को IPL में भी जारी रखे.
ईशान किशन रचेंगे इतिहास
आईपीएल में ईशान किशन पहली बार कप्तानी करने जा रहे हैं. जब वह आज मैदान पर उतरेंगे तो इतिहास रचेंगे. वह IPL में SRH की कप्तानी करने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बनेंगे. ओवरआल ये रिकॉर्ड केन विलियमसन के नाम है, जिन्होंने 2018 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए कप्तानी की थी. विलियमसन ने फ्रेंचाइजी के लिए पहली बार जब कप्तानी की थी, वह 27 साल 244 दिन के थे.
शिखर धवन, मनीष पांडेय और भुवनेश्वर कुमार वो भारतीय हैं, जो सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी कर चुके हैं. ईशान किशन 27 साल 253 दिन के हैं. आईपीएल 2025 से पहले हुए मेगा ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 11.25 करोड़ रुपए में ख़रीदा था. फ्रेंचाइजी ने उन्हें IPL 2026 से पहले रिटेन किया था.
RCB की संभावित प्लेइंग 11
विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, जैकब डफी, मंगेश यादव, भुवनेश्वर कुमार.
SRH की संभावित प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, लियाम लिविंगस्टोन, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ब्रायडन कार्स.
LIVE कहां देखें IPL मैच?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मैच आज शाम को 7:30 बजे से शुरू होगा. 7 बजे टॉस होगा. मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स के नेटवर्क पर होगा. जियोहॉटस्टार एप और वेबसाइट पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग होगी.
