IPL 2022: MS Dhoni ने छोड़ी कप्तानी, रविंद्र जडेजा बने चेन्नई सुपर किंग्स के नए कप्तान

मुंबई: दुनिया के महानतम कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ दी है. महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल की 4 बार चैंपियन रही है. महेंद्र सिंह धोनी ने रविंद्र जडेजा को कप्तान के तौर पर आगे बढ़ाया है. बता दें कि इस बात के कयास तभी लगने शुरु हो गए थे, जब सीएसके ने मेगा ऑक्शन में धोनी को दूसरे नंबर पर रिटेन किया था और रविंद्र जडेजा को पहले नंबर पर. सीएसके ने जडेजा को 16 करोड़ की मोटी रकम देकर रिटेन किया था.
महेंद्र सिंह धोनी के कप्तानी छोड़ने के फैसले की जानकारी खुद सीएसके ने फैन्स को दी. ये महेंद्र सिंह धोनी के प्रशंसकों के लिए बड़े झटके की तरह है. महेंद्र सिंह धोनी और सीएसके के फैन्स चाहते थे कि धोनी आखिरी बार जब सीएसके के लिए खेलने उतरे तो चैंपियनशिप ट्रॉफी के साथ ही मैदान से बाहर जाएं. दरअसल, उनके लिए सीएसके की कप्तानी का मतलब ही महेंद्र सिंह धोनी था. बहरहाल, अब रविंद्र जडेजा सीएसके के नए कप्तान बन चुके हैं. रविंद्र जडेजा लंबे समय से महेंद्र सिंह धोनी और सीएसके के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी बने हुए हैं.