जांच अधिकारी ने मौके पर जाकर की गबन के मामले की जांच

जांच अधिकारी ने मौके पर जाकर की गबन के मामले की जांच
  • सहारनपुर में शेखपुरा कदीम में गबन के मामले की जांच करते जांच अधिकारी।

सहारनपुर। बलियाखेड़ी विकास खंड की ग्राम पंचायत शेखपुरा कदीम में पूर्व प्रधान श्रीमती नसीम पत्नी राव शाहिद के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यो में सरकारी धन के गबन की शिकायत पर आज जिलाधिकारी द्वारा नियुक्त जांच अधिकारी अरूण कुमार ने दोनों पक्षों को मौके पर बुलाकर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पूर्व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि व ग्राम पंचायत सचिव जांच अधिकारी के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। गौरतलब है कि बलियाखेड़ी विकास खंड के शेखपुरा कदीम निवासी राव उस्मान व शमीम अहमद ने जिलाधिकारी को 95जी के तहत प्रार्थना पत्र सौंपकर ग्राम पंचायत शेखपुरा कदीम की तत्कालीन प्रधान श्रीमती नसीम द्वारा वर्ष 2015 से 2021 तक के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों में करोड़ों रूपए के गबन का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। इस पर जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी अरूण कुमार को जांच अधिकारी नामित किया था।

आरोप है कि जांच अधिकारी अरूण कुमार को पूर्व प्रधान प्रतिनिधि व सचिव ने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों के दस्तावेज चोरी होना दर्शा दिया था। इस पर जांच अधिकारी अरूण कुमार ने जांच करने में असमर्थता जता दी थी। इसके खिलाफ शिकायतकर्ताओं ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। इसमें उच्च न्यायालय द्वारा विगत 16 मई को पारित अपने आदेश में सरकारी ऑनलाइन रिकार्ड के आधार पर 4 सप्ताह में जांच पूरी करने के आदेश जारी किए थे। इस पर जांच अधिकारी अरूण कुमार ने नोटिस जारी कर जांच की तिथि 23 मई नियत की थी। आज जांच अधिकारी अरूण कुमार ने दोनों पक्षों को मौके पर बुलाकर जांच शुरू कर दी। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल व ड्रोन कैमरे भी लगाए गए थे। समाचार लिखे जाने तक जांच अधिकारी द्वारा जांच जारी थी।