shobhit University Gangoh
 

International Women Day: आज ताजमहल सहित सभी स्मारकों में महिलाओं की फ्री एंट्री

International Women Day: आज ताजमहल सहित सभी स्मारकों में महिलाओं की फ्री एंट्री

नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, जो कि महिलाओं के संघर्ष को सलाम करने के लिए हर साल 8 मार्च को मनाया जाता है, उसपर केंद्र सरकार ने देश भर की महिलाओं को एक बड़ा उपहार देने की घोषणा की है। 8 मार्च को, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने देश भर में संरक्षित स्मारकों पर जाने वाली महिलाओं को मुफ्त प्रवेश की अनुमति देने का फैसला किया है। यह आदेश एएसआई के संयुक्त महानिदेशक (स्मारकों), एम नंबिराजन द्वारा जारी किया गया है।

इस आदेश के अनुसार, भारतीय और विदेशी महिला पर्यटकों को सभी संरक्षित स्मारकों और पुरातात्विक स्थलों पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा। एएसआई के तहत केंद्र सरकार द्वारा संरक्षित 3,691 स्मारक हैं। सोमवार को ताजमहल, लाल किला, कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा, सूर्य मंदिर, एलोरा गुफाएं, खजुराहो और अजंता गुफाओं जैसे स्मारकों में महिलाओं के लिए निशुल्क प्रवेश होगा।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। इस दिन महिलाओं को कार्यालयों, स्कूलों, सरकारी संस्थानों आदि में भी सम्मानित किया जाता है। ताकि वे इस दिन को विशेष महसूस कर सकें। देश भर में विभिन्न स्थानों पर कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।

बता दें कि प्रत्येक वर्ष 8 मार्च को महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। इस दिन दुनिया भर में महिलाओं के जीवन में सुधार लाने, उनमें जागरुकता बढ़ाने के लिए कई विषयों पर जोर दिया जाता है।

 

Jamia Tibbia