भाजपा में है सभी वर्गों का हित सुरक्षित: जसवंत

भाजपा में है सभी वर्गों का हित सुरक्षित: जसवंत
  • सहारनपुर में गंगोह में भाजपा प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करते राज्यमंत्री जसवंत सैनी।

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य व औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की साख अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी है। वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ वाली भाजपा सरकार ने प्रदेश को दंगा व अपराधमुक्त बनाने का काम किया है। उन्होंने निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को रिकार्ड मतों से जिताने का आह्वान किया।

उ.प्र. के संसदीय कार्य व औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी गंगोह के रामलीला भवन पंचायती धर्मशाला में गंगोह नगर पालिका परिषद की चेयरमैन पद की कविता सैनी के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार है। अब नगर पालिका में भाजपा प्रत्याशियों को जिताकर तीन इंजन की सरकार बनाने का काम करें।

क्षेत्रीय सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि गंगोह के विकास के लिए मतदाता भाजपा प्रत्याशी कविता सैनी व सभासद पद के सभी प्रत्याशियों को जिताने का काम करें ताकि भाजपा को और मजबूत बनाया जा सके। क्षेत्रीय विधायक चौ. कीरत सिंह ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर भाजपा के पक्ष में भारी संख्या में मतदान कराकर गंगोह नगर पालिका परिषद के चेयरमैन व सभासद को जिताकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मजबूती देने का काम करें। भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाते हुए निकाय चुनाव को अर्जुन तरह मछली की आंख पर निशाना साधते हुए सिर्फ जीत का लक्ष्य रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गंगोह नगर पालिका में आजादी के बाद आज तक भाजपा प्रत्याशी नहीं जीता है। इसलिए कविता सैनी को चेयरमैन बनाकर इतिहास रचने का काम करें।

कार्यक्रम को पूर्व विधायक महीपाल सिंह माजरा, वरिष्ठ भाजपा नेता अरविंद बालिया, ओमपाल पांचाल, जसवंत कश्यप व मनोज गोयल ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दीपक गर्ग व संचालन डा. अमित गर्ग ने किया। इस दौरान गंगोह नगर पालिका के पूर्व वाइस चेयरमैन कश्यप कुमार फौजी ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा की जिसका भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी, सांसद प्रदीप चौधरी व विधायक कीरत सिंह ने ने पटका व माला पहनाकर स्वागत किया।

इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष सत्यपाल चौधरी, राजेश काका, संजय प्रधान कम्हेड़ा, जिला पंचायत सदस्य सुशील कम्हेड़ा, रामदास सैनी, विकास चौधरी, जितेंद्र जागलान, जितेंद्र सैनी, नीरज अग्रवाल, रमेश गर्ग, नूतन शर्मा, मुकेश गुप्ता, डा. मनोज जैन, जैलसिंह भारती, पूजा पाल, उमा शर्मा, रवि शंकर गर्ग समेत भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।