डम्पर से कुचलकर मासूम बालक की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम

डम्पर से कुचलकर मासूम बालक की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम
  • सहारनपुर में बालक की मौत पर जाम लगाते क्षेत्रवासी।

बिहारीगढ़। थाना बिहारीगढ़ क्षेत्रांतर्गत मोहंड चौकी के निकट डम्पर से कुचलने के कारण एक चार वर्षीय मासूम बालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना होते ही चालक द्वारा डम्पर को लेकर भागने का प्रयास किया गया परंतु स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर हाइवे जाम कर दिया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को बामुश्किल समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।

मिली जानकारी के अनुसार बेहट कोतवाली क्षेत्रांतर्गत नियामतपुर (जमालपुर) निवासी तसलीम का चार वर्षीय बेटा उमर अपने मामा के घर थाना बिहारीगढ़ क्षेत्रांतर्गत एक गांव में गया हुआ था। बताया जाता है कि आज दोपहर उमर अपने मामा जैनुल के साथ गणेशपुर से बाल कटवाकर बाइक द्वारा मोहंड आकर खड़ा था। इसी दौरान देहरादून की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डम्पर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी जिस कारण जैनुल एक साइड में गिर पड़ा तथा उमर दूसरी साइड गिर पड़ा। इस तरह डम्पर उमर को कुचलते हुए निकल गया तथा उमर की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना होते ही चालक डम्पर को लेकर फरार होने लगा परंतु स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया तथा उमर की मौत को लेकर हाइवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही थाना बिहारीगढ़ प्रभारी बीनू चौधरी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। इसी एसडीएम बेहट दीपक कुमार, सीओ मुनीष चंद्र व फतेहपुर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार भी मौके पर पहुंचे तथा मृतक के परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।