कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को दी ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट की जानकारी

कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को दी ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट की जानकारी
  • सहारनपुर में जेवी जैन कालेज में प्रशिक्षण कार्यक्रम को सम्बोधित करता वक्ता।

सहारनपुर। महानगर की प्रमुख शिक्षण संस्था जेवी जैन डिग्री कालेज में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट 2023 के सम्बंध में छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एच. एस. सिंह, कुलसचिव वी. के. मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, प्रबंध समिति के सचिव मोहित जैन व प्राचार्य वकुल बंसल द्वारा किया गया। तत्पश्चात प्राची द्वारा मां सरस्वती का मोहक कत्थक के साथ वंदन किया गया।

रोहित द्वारा देशभक्ति का मनमोहक नृत्य व कु. मुबशीरा द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया गया। मुख्य वक्ता महात्मा गांधी, चित्रकूट विश्वविद्यालय व वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. एन. सी. गौतम ने सरकार की विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समिट में प्रतिभाग करने वाले विभिन्न राष्ट्रों को प्रदेश की भावी योजनाओं से अवगत कराया जाएगा। आबकारी विभाग के विशेष सचिव रविंद्र कुमार प्रथम ने प्रदेश सरकार की विभिन्न भावी योजनाओं को छात्र-छात्राओं को विस्तार से बताया।

उपायुक्त उद्योग सिद्धार्थ ने छात्र-छात्राओं को बताया कि यदि वे कोई नया स्टार्टअप करते हैं तो विभिन्न क्षेत्रों में जैसे निर्माण, मार्केटिंग आदि में सरकार द्वारा कितनी सब्सिडी व किस प्रकार दी जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संदेश को भी प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रसारित किया गया। कार्यक्रम में आईआईए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजी सुनेजा व लघु उद्योग भारती के अनुपम गुप्ता ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन आईएआईएसडी सैल की संयोजिका प्रो. ममता सिंघल ने किया।

इस दौरान मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय द्वारा नामित अम्बेसडर प्रो. राजकुमार, डा. विनीता दुबे, महाविद्यालय के मुख्य अनुशासक प्रो. संदीप गुप्ता व महाराज सिंह कालेज के अंग्रेजी विभाग के डा. गुरूदेव के अलावा लगभग 1100 छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।