पदाधिकारियों को दी कार्ययोजनाओं की जानकारी

सहारनपुर [24CN] । भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पदाधिकारियों को आगामी कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी देने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का लक्ष्य लेकर तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए गए। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की ऑनलाइन बैठक का शुभारम्भ राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने दीप प्रज्जवलित करके किया। बैठक को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस प्रकार हम विकास के नए आयाम अपने प्रदेश में स्थापित कर रहे हैं, उसके लिए सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं।

उन्होंने कहा कि आज भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख चुनाव में जिस तरह जीत हासिल की है उसका श्रेय भी पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि हम सभी ने कोरोना काल में सभी जनमानस की सेवा करने के बाद उन्हें कोरोना जैसी महामारी से बाहर निकालने का काम किया है। उसी प्रकार हमें कोरोना की तीसरी लहर के लिए भी अभी से तैयार रहना होगा। किसी भी परिस्थिति में हमें यह लड़ाई लडऩी है जिसकी तैयारी हमें अभी से लडऩी होगी।

उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को हेल्प डेस्ट लगाकर लोगों का वैक्सीनेशन कराना अनिवार्य है जिससे खतरा कम हो सके तथा जनमानस की रक्षा हो सके। इसलिए सभी को वैक्सीनेशन के लिए जागरूक करें। प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सभी पदाधिकारियों को आगामी कार्ययोजना के बारे में विस्तार से बताया। ऑनलाइन बैठक में सहारनपुर जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, जिला प्रभारी सत्यपाल सिंह पाल, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रेम कटारिया व पूर्व विधायक रविंद्र मोल्हू शामिल रहे।