भारतीय हाकी खिलाड़ी वंदना कटारिया को किया जाएगा सम्मानित

सहारनपुर [24CN]। भारतीय महिला हाकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया के टोक्यो ओलम्पिक में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में तीन गोल दागकर इतिहास रचने पर स्पोट्र्स वैलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने खुशी जाहिर की है तथा वंदना कटारिया की स्वदेश वापसी पर भव्य कार्यक्रम आयोजित कर उसका अभिनंदन करने की घोषणा की है। गौरतलब है कि टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय महिला हाकी टीम की वंदना कटारिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में तीन गोल दागकर टीम को जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मूलरूप से हरिद्वार के रोशनाबाद निवासी वंदना कटारिया मुम्बई सेंट्रल रेलवे में कार्यरत हैं जो ओलम्पिक इतिहास में हाकी में हैट्रिक लगाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं।

स्पोट्र्स वैलफेयर एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष जावेद साबरी ने कहा कि वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलम्पिक में एक ही मैच में तीन गोल दागकर हरिद्वार व सहारनपुर का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। उन्होंने कहा कि वंदना कटारिया के स्वदेश लौटने पर स्पोट्र्स वैलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में सहारनपुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें हाकी खिलाड़ी वंदना कटारिया का भव्य सम्मान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वंदना कटारिया ने अपनी प्रतिभा से साबित कर दिया है कि यदि खिलाड़ी के अंदर कुछ करने का जज्बा है तो परिस्थितियां भी उसमें बाधा बन नहीं सकती। स्पोट्र्स वैलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों विमल विरमानी, डा. वी. के. शर्मा, डा. पंकज खन्ना, नफीस मामू, प्रमिंद्र सिंह, स. हरजीत सिंह, पंकज बंसल, इशान साबरी, एस. के. चंदनानी, सुधीर सोहल, उमेश शर्मा ने भी महिला हाकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के एक ही मैच में तीन गोल दागने को ऐतिहासि उपलब्धि बताते हुए खुशी जाहिर की है।