२०२७ में विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा भारत: अग्रवाल
- सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते भाजपा सांसद अनिल अग्रवाल व प्रदीप चौधरी।
सहारनपुर। भाजपा सांसद अनिल अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए आम बजट में सर्वसमाज के हितों का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का बजट अमृतकाल का बजट है जिसमें भारत को एक मजबूत अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है ताकि 2027 तक भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सके।
राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल आज यहां दिल्ली रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि विकास दर महंगाई से अधिक होती है तो वह अच्छी अर्थव्यवस्था मानी जाती है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई तो है परंतु उससे अधिक विकास दर है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के बजट में आगामी 25 साल की योजनाओं का डाटा है। जबकि आसपास के देशों में लोगों के पास खाने के लिए रोटी नहीं है। वहां की सरकारों द्वारा इन्फ्रास्ट्रक्चर पर ध्यान नहीं दिया गया जिसका परिणाम सबके सामने है। इसके बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था निरंतर बढ़ रही है तथा वर्तमान में विश्व की सबसे बड़ी पांचवीं अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत रूपए को अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा के रूप में स्थापित कराने का प्रयास चल रहा है जिससे रूपए की वैल्यू बढऩा गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों द्वारा सहारनपुर जिले के विकास के लिए भी अनेक काम किए जा रहे हैं जिनमें शाकम्भरी देवी तीर्थस्थल के विकास हेतु 50 करोड़ रूपए का प्राविधान किया गया है। इसके अलावा सहारनपुर विश्वविद्यालय ने काम करना शुरू कर दिया है। इसलिए विश्वविद्यालय के इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए भी पैसा दिया गया है। इसके अलावा सहारनपुर में कई एक्सप्रेस वे पर भी काम चल रहा है तथा रेलवे स्टेशन के उच्चीकरण के लिए भी धन की व्यवस्था की गई है। एक सवाल के जवाब में श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है जिससे देश के किसानों को भारी लाभ होगा क्योंकि इसमें कम लागत आती है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर यूएनओ ने भी वर्तमाल वर्ष को अंतर्राष्ट्रीय मिलेट ईयर घोषित किया है। कैराना लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि 2014 में केंद्र में राजग की सरकार बनने के बाद तेजी के साथ देश का विकास हो रहा है तथा बिना किसी भेदभाव के सर्वसमाज के लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते राजनीतिक दल भले ही कुछ भी कह लें परंतु डाटा के आधार पर एक भी व्यक्ति योजनाओं में कमी नहीं निकाल सकता। उन्होंने कहा कि देश में आने वाले समय स्वर्णिम होगा। वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गौरव गर्ग, जिला मीडिया प्रभारी विपिन चौधरी, महानगर उपाध्यक्ष अनिल मित्तल आदि मौजूद रहे।
