इंडिया महागठबंधन ही भाजपा का एकमात्र विकल्प: रूद्रसैन

इंडिया महागठबंधन ही भाजपा का एकमात्र विकल्प: रूद्रसैन
  • सहारनपुर में सपा के प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन का फाइल फोटो।

सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन ने कहा कि समाजवादी पार्टी समेत 26 दलों को मिलाकर बनाया गया महागठबंधन ही भाजपा का एकमात्र बेहतर विकल्प साबित होगा जो देश के शहीदों के सपनों का इंडिया बनाने का काम करेगा।

समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन आज यहां आदर्श विहार स्थित अपने आवास पर आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुना करने व प्रतिवर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वायदा कर सत्ता में आई भाजपा की केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार अपने 9 वर्ष के कार्यकाल में कोई भी एक काम नहीं कर पाई है जिससे साबित हो सके कि भाजपा जनता की हितैषी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार जनता को जाति व धर्म के नाम पर आपस में लड़ाने का काम कर रही है जिससे देश की सांझी विरासत व संस्कृति को खतरा उत्पन्न हो गया है।

चौ. रूद्रसैन ने कहा कि समाजवादी पार्टी सहित 26 दलों का महागठबंधन देश में एक नई क्रांति का आगाज करेगा जो भाजपा के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह आगामी लोकसभा चुनाव में इंडिया महागठबंधन के प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए जीजान से जुट जाएं ताकि केंद्र में इंडिया महागठबंधन की सरकार बनाकर देश की आजादी के लिए अपनी शहादत देने वाले शहीदों के सपनों का इंडिया बनाया जा सके।

बैठक में चौ. रूद्रसैन के प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी, वरिष्ठ नेता राव वजाहत, चौ. अब्दुल गफूर, मुस्तफा प्रधान नवाजपुर, संदीप उर्फ अच्छन यादव, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव राजेश सैनी बड़कला, एससी/एसटी प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष आकाश खटीक, सोनू चौधरी, राव लाखन समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।