India-EU मुक्त व्यापार समझौते का प्रियंका चतुर्वेदी ने किया स्वागत, कहा- 20 साल का इंतजार हुआ खत्म
भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने इसे एक अहम और सकारात्मक कदम बताया है. उन्होंने कहा कि यह समझौता पिछले 20 वर्षों से लंबित था और दो दशकों तक भारत व यूरोपीय संघ के बीच इस पर चर्चा चलती रही. इसका इंतजार खत्म हुआ है. अब इसका निष्कर्ष निकलना न सिर्फ भारत के लिए बल्कि यूरोपीय संघ के देशों के लिए भी अच्छा संकेत है.
प्रियंका चतुर्वेदी ने अपने बयान में कहा कि यह समझौता इस बात को भी स्थापित करता है कि जब लोकतंत्र, वैश्विक व्यापार व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय नियम-आधारित व्यवस्था जैसे मुद्दों पर समानताएं होती हैं, तो दोनों पक्ष मिलकर बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं. उनके मुताबिक, यह व्यापार समझौता उसी साझी सोच और साझा मूल्यों का संकेत है, जो भारत और यूरोपीय संघ को करीब लाता है.
दोनों पक्षों को होगा फायदा
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह समझौता दोनों पक्षों के लिए लाभकारी साबित होगा. उनका कहना है कि इस समझौते से दोनों क्षेत्रों की जनता को व्यापार के जरिए समृद्ध होने के अवसर मिलेंगे.
साथ ही, यह वैश्विक व्यापार व्यवस्था को आगे बढ़ाने में भी मदद करेगा. प्रियंका चतुर्वेदी ने साफ कहा कि इससे जुड़ी हर सकारात्मक पहल का वे स्वागत करती हैं.
विदेश मंत्री को दी बधाई
सांसद ने इस मौके पर विदेश मंत्री को भी बधाई दी. उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री लगातार ऐसे बातचीत के स्तर तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे, जिससे यह समझौता संभव हो सका. उनके अनुसार, यह एक लंबे और कठिन कूटनीतिक प्रयास का नतीजा है.
वैश्विक हालात में समझौते की अहमियत
प्रियंका चतुर्वेदी ने मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात का जिक्र करते हुए कहा कि इस समय यूरोपीय संघ अपने ट्रांस-अटलांटिक सहयोगी के साथ सबसे बड़ी चुनौती का सामना कर रहा है. अमेरिका द्वारा भारी टैरिफ लगाए जाने की स्थिति भी बनी हुई है.
ऐसे माहौल में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता एक ऐसा कदम है, जिसे सकारात्मक नजरिए से देखा जाना चाहिए. उनके मुताबिक, यह समझौता बदलते वैश्विक व्यापार परिदृश्य में भारत की भूमिका को और मजबूत करता है.
