लोकसभा चुनाव में नहीं खुलेगा इंडिया गंठबंधन का खाता: मौर्य

- सहारनपुर में गंगोह में जोगी स्वाभिमान रैली को सम्बोधित करते भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी।
गंगोह। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन का खाता भी नहीं खुल पाएगा। उन्होंने वादा किया कि 100 दिन पूरे होते ही राजनीतिक दृष्टि से अछूतू समाज को सम्मान देने का काम किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज गंगोह स्थित नवीन मंडी स्थल पर आयोजित योगी-जोगी स्वाभिमान रैली को वर्चुअल सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने स्वाभिमान रैली में न पहुंचने पर खेद जताते हुए कहा कि देश में मोदी व राम लहर चल रही है और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता आत्मविश्वास से भरा हुआ है। इसलिए भाजपा गरीब, युवा, महिला व किसान के दम पर 300 सीटें और एनडीए 400 से भी अधिक सीटों पर अपना परचम लहराएगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर अपनी जीत का परचम लहराएगी। उन्होंने जीत का लक्ष्य पाने के लिए कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर मात्र 370 वोट बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि पीएम मोदी के काम से दुनिया अचम्भित है कि विकासशील भारत दस सालों में कैसे विकसित राष्ट्र बनने की ओर बढ़ रहा है।
रैली को कैराना सांसद प्रदीप चौधरी, हिमाचल प्रदेश के विधायक हंसराज योगी, क्षेत्रीय विधायक मुकेश चौधरी, पूर्व विधायक महीपाल माजरा, पूर्व एमएलसी डा. लोकेश त्यागी, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी व रैली संयोजक सुभाष योगी ने भी सम्बोधित किया। रैली में भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रमोद अट्टा, विकास योगी, भूपेंद्र चौधरी, महावीर जोगी, राकेश आर्य, संजय कम्बेहड़ा, विकास चौधरी समेत भारी संख्या में जनसमूह मौजूद रहा।
उपजिलाधिकारी संगीता राघव, सीओ मुनीष कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। उधर रैली शुरू होने से पहले लगभग दस बजे एक हैलीकॉप्टर ने सभा स्थल पर नीची उड़ान भरी तो अफवाह फैल गई कि उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने भीड़ का अवलोकन कराया है। पार्टी कार्य के चलते जब उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के रैली में न आने की सूचना मिली तो रैली संयोजक कैप्टर सुभाष योगी रोने लगे तो उन्हें उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने ढांढस बंधाया।