लखनऊ। देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने तथा 76वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज विधान भवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।इस अवसर पर उनके साथ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी थे।
प्रदेश सरकार ने 76वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाने की तैयारी की थी। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नौ बजे लखनऊ के विधान भवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। यहीं पर आजादी के अमृत महोत्सव के तहत विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश की जनता के नाम संदेश देंगे।
देश आजादी के 75 वर्ष पूर्ण कर रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्र ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मना रहा है। 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधान भवन, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ध्वजारोहण करते किया। उन्होंने कहा कि ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ 75 वर्षों की विकास यात्रा के आत्मावलोकन के साथ-साथ आगामी 25 वर्ष के अमृत काल में नए भारत के निर्माण का भी अवसर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास एवं सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप प्रदेश सरकार प्रदेश के सर्वसमावेशी, सर्वस्पर्शी एवं समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है।
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मां भारती के उन सभी ज्ञात-अज्ञात सपूतों की पुनीत स्मृतियों को नमन, जिन्होंने स्वाधीनता की वेदी पर स्वयं को होम कर दिया। एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना की सिद्धि के लिए आप सभी का त्याग, बलिदान व समर्पण हम सभी के लिए मार्गदर्शिका है। जय हिंद।
उन्होंने कहा कि 76वें स्वतंत्रता दिवस की सभी प्रदेश वासियों को हृदय से बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। आज देश ने अपनी स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण कर लिए। आइए, ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ में इस पावन अवसर पर ‘आत्मनिर्भर भारत’ के प्रति एकजूट होकर अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएं। स्वतंत्रता दिवस पर देश समेत पूरे प्रदेश में विभिन्न आयोजन होंगे।