लखनऊ। देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के साथ ही 76वें स्वतंत्रता दिवस पर बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ( BSP President Mayawati) ने सभी देशवासियों को बधाई दी है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने तो कल ही बधाई दे दी थी, जबकि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तो रक्षाबंधन के बाद से ट्विटर पर एक्टिव हीं नहीं हैं।

बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देने के लिए दो ट्वीट किया है। मायावती ने कहा है कि देश-दुनिया में रहने वाले समस्त भारतीयों को आजादी के 75वीं वर्षगांठ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि सभी की सुख-शान्ति, समृद्धि व सुरक्षा आदि के लिए अपनी संवैधानिक चिन्ता, संघर्ष व योगदान को जरूर जारी रखें। बसपा मुखिया ने कहा कि इसी में ही देश व देशवासियों की इज्जत, शोहरत व बुलन्दी निहित है।

स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर आंकलन का भी मौका

मायावती ने इसके साथ ही कहा कि देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर आंकलन का भी मौका है। हमको पता चलता है कि इस दौरान देश ने आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षा व स्वास्थ्य आदि बुनियादी जरूरतों के क्षेत्र में कितनी अच्छी व सार्थक उन्नति की। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही आगे निजी स्वार्थ व राजनीतिक संकीर्णता आदि से मुक्त होकर काम करने का प्रण करें। इसी से देश मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा और देश का हर नागरिक सशक्त बनेगा।

बसपा प्रमुख मायावती ने भारत के साथ विदेश में भी रहने वाले सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। बसपा मुखिया को भरोसा है कि देश का हर नागरिक बेहद अनुशासित होकर देश के हर निर्माण में अपना सहयोग करेगा।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देर रात में ही 76वेें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दे दी थी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा का स्वतंत्रता दिवस पर बधाई का कोई संदेश प्रसारित नहीं हुआ है। रक्षाबंधन पर 11 अगस्त के बाद से उनका ट्विटर पर कोई भी संदेश नहीं है।