shobhit University Gangoh
 

नियमित टीकाकरण और पौष्टिक भोजन से बढ़ाएं बच्चों की इम्यूनिटी

  • घर का पौष्टिक भोजन, हरी सब्जी व मौसमी फल बच्चों को देगा मजबूती

सहारनपुर [24CN] । कोरोना की संभावित लहर को लेकर अभिभावक अपने बच्चों को सुरक्षित बनाने को लेकर तरह-तरह के जतन कर रहे हैं। कोई योगा करा रहा है तो कोई पौष्टिक खानपान पर जोर दे रहा है। इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए तमाम लोग दवाओं का भी सहारा ले रहे हैं। इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए बच्चों को अलग से कोई दवा देने की जरूरत नहीं है। बेवजह दवा का सेवन नुकसानदायक हो सकता है। पौष्टिक खान-पान और स्वस्थ जीवन शैली से इम्यूनिटी मजबूत होती है। साथ ही नियमित टीकाकरण बहुत जरूरी है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. संजीव मांगलिक का कहना है कि बच्चों को कोरोना से बचाने के लिए टीका अभी नहीं आया है। बच्चों को रोग प्रतिरोक्षक क्षमता को बढ़ाने के लिए सबसे पहले नियमित टीकाकरण जरूरी है। साथ ही बच्चों के खान-पान पर खास ध्यान दिया जाए। घर का बना हुआ खाना बच्चों को दें, जिसमें काबोर्हाइड्रेट, प्रोटीन, फैट, विटामिन और खनिज पर्याप्त हों। हरी सब्जियां और मौसमी फल खिलाएं। बच्चों को दूध और दही या इससे बनी चीजें खाने को दें। खूब पानी पिलाएं शरीर में पानी की कमी न होने दें। बाहर का खाना विशेषकर जंक फूड न दें। बच्चों में कोविड से बचाव के प्रोटोकॉल का पालन करने की आदत विकसित करें। बच्चों को आठ से 12 घंटे की नींद बहुत जरूरी है।

अस्पतालों में लगाए जा रहे गंभीर बीमारियों से बचाव के टीके……सीएमओ का कहना है कि बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर नि:शुल्क टीके लगवाए जा रहे हैं। अभिभावक टीका कार्ड के हिसाब से सेंटर पर पहुंचकर बच्चों को टीके लगवा सकते हैं। डिप्थीरिया, काली खांसी, हेपेटाइटिस बी, मैनिन्जाइटिस, टिटनेस, पोलियो, टीबी, खसरा व निमोनिया, जेई प्रभावित जिलों में जेई का टीका तथा यूआईपी के तहत नए टीके जैसे रोटा वायरस, आईपीवी, वयस्क जेई का टीका, न्यूमोकोकल कंजुगेट टीका, खसरा, रूबेला आदि टीके निशुल्क लगाए जाते हैं।

नियमित टीकों में गंभीर रोगों से लडऩे की क्षमता….डॉ मंगालिक का कहना है कि बच्चों में लगने वाले नियमित टीके विभिन्न गंभीर बीमारियों से बच्चों को बचाते हैं। यदि समय से बच्चों को सभी टीके लगवा दिए जाएं तो उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता 80 फीसदी तक बढ़ जाती। कोरोना काल में रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होनी जरूरी है जिसकी इम्युनिटी मजबूत है वह कोरोना से जंग जीतने में सक्षम है, इसलिए माता-पिता बच्चों को नियमित टीका लगवाने में कतई देरी न करें। समय से सभी टीके किसी भी सरकारी अस्पताल में जाकर लगवा सकते हैं।

Jamia Tibbia