जिला महिला चिकित्सालय में एचपीवी टीकाकरण बूथ का उद्घाटन
- सहारनपुर में जिला महिला चिकित्सालय में एचपीवी बूथ का उद्घाटन करते मंडलायुक्त।
सहारनपुर। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने गुरुवार को जिला महिला चिकित्सालय में एचपीवी टीकाकरण बूथ का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि 28 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री द्वारा राजस्थान के अजमेर से इस वैक्सीन का शुभारंभ किया गया था।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि एचपीवी टीका महिलाओं में कैंसर से बचाव करने वाला महत्वपूर्ण टीका है। भारत में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में कैंसर और मृत्यु का दूसरा बड़ा कारण है, इसलिए किशोरियों का टीकाकरण बेहद जरूरी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु की बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जाएगा।
इस मौके पर आयुक्त ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, जिससे उन्हें सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा मिल सके। कार्यक्रम में जिला महिला चिकित्सालय की मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. इंदिरा सिंह, डॉ. नवदीप गुप्ता, डॉ. संजय यादव, डॉ. मनदीप सिंह, डॉ. कुनाल जैन सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम और स्टाफ मौजूद रहे।
