निष्क्रिय पदाधिकारियों को किया जाएगा पदमुक्त: मुजफ्फर

सहारनपुर [24CN]। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने कहा कि संगठन में निष्क्रिय पदाधिकारियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उन्हें शीघ्र ही पदमुक्त कर सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली आज यहां गुरूद्वारा रोड स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय पर आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव परिणामों से हमें निराशा जरूर हुई है परंतु हताशा कदापि नहीं हुई है। क्योंकि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जिसने चुनाव से पूर्व भाजपा की नीतियों का विरोध करते हुए जनहित में संघर्ष किया और जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उनकी लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि संगठन में सदस्यता का कार्य प्रगति पर है और हमें संगठन के हित में एक बार फिर कर्मठता व ईमानदारी के साथ इस सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाना चाहिए।
महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने एक बार फिर जनहित में संघर्ष की मुहिम को जारी रखते हुए दिनोंदिन बढ़ रही महंगाई व पेट्रोलियम उत्पादों के मूल्यों में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ जनांदोलन चलाने का निर्णय लिया है और शीघ्र ही कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर सड़कों पर दिखाई देगी। बैठक में गणेश दत्त शर्मा, हरिओम मिश्रा, राहत खलील, अशोक सैनी, रणधीर सिंह, इमरान कुरैशी, वीरसैन उपाध्याय, रणवीर चौधरी, आरिफ मंसूरी, असगर आलम, अक्षय चौधरी, नितिन शर्मा, साहिन खान, सौरभ भारद्वाज, अशेाक शर्मा, पराग चौधरी, प्रीतम सैनी, सतपाल बर्मन, धर्मपाल जोशी, नसीब खान, राकेश वर्मा, गुलशेर अलवी, मौ. गुलफाम, नीरज कपिल, अजय चौधरी, अभिषेक सैनी, रवि कुमार, प्राणनाथ आदि पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।